सिवान में महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन ने अब एक्शन तेज कर दिया है. शिक्षण संस्थानों के आसपास छात्राओं की सुरक्षा और मनचलों पर नकेल कसने के लिए एसपी भारत सोनी के निर्देश पर पुलिस की विशेष टीमें लगातार अभियान चला रही हैं. पुलिस दीदी भी स्कूटी से अलग-अलग शिक्षण संस्थानों तक पहुंच रही हैं और छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुन रही हैं.
शिकायत मिलने पर की जा रही कार्रवाई
लकड़ी नबीगंज में एसएचओ सविता कुमारी के नेतृत्व में विद्यार्थियों के बैग और कमर की जांच की गई. साथ ही, छात्राओं से उनकी सुरक्षा और किसी तरह की परेशानी को लेकर सीधे संवाद किया गया. वहीं, जिले के दूसरे इलाकों में भी पुलिस की टीमें सक्रिय हैं. सिवान एसपी भारत सोनी ने महिला सुरक्षा के लिए चल रहे पूरे सिस्टम को लेकर बताया कि जिले में 15 पुलिस दीदी की टीम, अभय ब्रिगेड, महिला हेल्प डेस्क, सभी थानों के एसएचओ और डायल-112 को आपस में जोड़कर काम किया जा रहा है. एसपी ने कहा कि शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है.
छात्राओं को सुरक्षा के प्रति किया जा रहा जागरूक
मिली जानकारी के अनुसार, बहुत ही जल्द टॉल फ्री नंबर भी जारी किया जाएगा, ताकि उस पर शिकायत मिलते ही तुरंत रिस्पांस किया जा सके. वहीं, सभी स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों तक पुलिस टीम पहुंचकर छात्राओं को सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर रही है. छात्राओं को जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें यह भरोसा भी दिलाया जा रहा है कि किसी भी तरह की परेशानी होने पर वे सीधे पुलिस से संपर्क कर सकती हैं.
छात्राओं का पीछा करने वालों पर पैनी नजर
कोचिंग और शिक्षण संस्थानों की छुट्टी के समय रेसर बाइक से छात्राओं का पीछा करने या उन्हें परेशान करने वाले युवकों पर भी पुलिस की नजर है. वहीं, सोशल मीडिया को लेकर भी पुलिस ने विद्यार्थियों को जागरूक किया है. एसपी भारत सोनी के निर्देश पर पुलिस की अलग-अलग टीमें शिक्षण संस्थानों तक पहुंच रही हैं और शिकायत मिलते ही कार्रवाई कर रही हैं.
रिपोर्ट: अमित सिंह