)
बिहार में छात्राओं-महिलाओं के साथ तो अभद्रता और मारपीट करने खबरें सामने आती रहती है, लेकिन अब बदमाशों ने पुलिस दीदी को भी नहीं छोड़ा है. राजधानी पटना में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा में तैनात महिला पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता और मारपीट करने की घटना सामने आई है. मिली जानकारी के अनुसार, मामला पटना के रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत खेमनीचक के सुभाष नगर मोड़ के पास का है. घटना 30 सितंबर की शाम करीब साढ़े छह बजे की है, जब महिला पुलिसकर्मियों की एक टीम गश्ती पर थी.
युवक ने महिला पुलिसकर्मी को मारा थप्पड़
इसी दौरान सड़क पर मौजूद तीन युवकों को संदेह होने पर रोका और उनका नाम-पता पूछा. आरोप है कि पूछताछ के दौरान एक युवक ने महिला पुलिसकर्मी के साथ अभद्र व्यवहार किया. देखते ही देखते यह विवाद हाथापाई में बदल गया और युवक ने महिला पुलिसकर्मी को थप्पड़ जड़ दिया. इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें महिला पुलिसकर्मी और आरोपी के बीच झड़प साफ तौर पर दिखाई दे रही है.
मामले में पुलिस ने एक को दबोचा
घटना के तुरंत बाद महिला पुलिसकर्मी ने रामकृष्ण नगर थाने में इसकी प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया. सदर एसडीपीओ-2 मनोज कुमार ने मीडिया को जानकारी दी कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य जांच के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की. रामकृष्ण नगर थाने में इस मामले में केस नंबर 1047/26 दर्ज किया गया है और BNS की धाराओं के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई.
गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ
इस पूरे मामले में पुलिस ने अब तक एक को गिरफ्तार किया है. मुख्य आरोपी की पहचान 22 वर्षीय प्रदीप कुमार के रूप में हुई. पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रदीप कुमार खुशरूपुर थाना क्षेत्र के डुमरी टोला का रहने वाला है और फिलहाल सुभाष नगर में किराए के मकान में रहकर रह रहा था. फिलहाल, गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है. साथ ही, बाकी दोनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
इनपुट: प्रकाश कुमार सिन्हा