)
जमुई सदर अस्पताल के प्रसव कक्ष में ड्यूटी के दौरान महिला चिकित्सक के कथित तौर पर मौजूद नहीं रहने से एक प्रसूता की मौत का मामला सामने आया है. मृतका की पहचान खैरा थाना क्षेत्र के नरियाना गांव निवासी सुजीत कुमार की 28 वर्षीय पत्नी अनिता कुमारी के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों ने आक्रोश जताते हुए अस्पताल प्रबंधन और ड्यूटी पर तैनात महिला चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है. उनका कहना है कि यदि समय पर महिला चिकित्सक प्रसव कक्ष में मौजूद रहतीं और प्रसूता को आवश्यक उपचार मिलता तो उसकी जान बचाई जा सकती थी.
सुबह तक होता रहा महिला चिकित्सक का इंतजार
प्रसुता महिला के पति सुजीत कुमार ने बताया कि बीते शनिवार (3 अक्टूबर) की देर रात अनिता कुमारी को प्रसव पीड़ा शुरू हुई. इसके बाद उसे तत्काल खैरा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया वहां चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया. उन्होंने बताया कि रात करीब 11 बजे अनिता को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, लेकिन उस समय प्रसव कक्ष में महिला चिकित्सक मौजूद नहीं थीं. स्वास्थ्य कर्मियों ने प्रसूता की जांच की और चिकित्सक के आने की बात कही, लेकिन रात बीत गई और रविवार (4 अक्टूबर) की सुबह तक महिला चिकित्सक के आने का इंतजार ही होता रहा.
प्रसूता की मौत, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
परिजनों का कहना है कि अस्पताल पहुंचने के बाद अनिता की स्थिति लगातार बिगड़ती गई. परिजन महिला चिकित्सक के आने की उम्मीद में इंतजार करते रहे. रविवार की सुबह करीब पांच बजे प्रसूता ने दम तोड़ दिया. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों ने आरोप लगाया कि समय पर विशेषज्ञ चिकित्सकीय हस्तक्षेप नहीं मिलने के कारण स्थिति गंभीर होती गयी और आखिरकार प्रसूता की मौत हो गई. प्रसुता की मौत की खबर मिलने के बाद सुबह छः बजे डॉ शालीनी सदर अस्पताल पहुंची.
महिला डॉक्टर पर की जाएगी आवश्यक कार्रवाई
परिजनों ने बताया कि अनिता कुमारी का यह तीसरा प्रसव था. उसके पहले से एक लड़की और एक लड़का है, तीसरे प्रसव को लेकर परिजन अस्पताल पहुंचे थे, लेकिन प्रसव से पहले ही उसकी मौत हो गई. परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में समय पर महिला चिकित्सक की मौजूदगी होती तो जच्चा-बच्चा दोनों को बचाने के लिए आवश्यक चिकित्सकीय कदम उठाये जा सकते थे. इस संबंध में पूछे जाने पर सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. थनीष कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी ली है, जांच की जा रही है. ड्यूटी से गायब रहने वाली महिला डॉक्टर पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. परिजनों ने अब तक किसी भी तरह का आवेदन नहीं दिया गया है.
रिपोर्ट: अभिषेक निरला