)
समस्तीपुर में एक बार अपराधियों के हौसले बुंलद होते नजर आ रहे हैं. बैखौफ अपराधियों ने मिर्च ले जा रहे एक ड्राइवर की गोली मारकर हत्या कर दी. मिर्च एक पिकअप ट्रक में ले जाई जा रही थी. स्थानीय लोगों के अनुसार, एक कार में सवार चार लोगों ने ड्राइवर का पीछा किया और फिर उस पर गोलियां चला दीं. मारे गए ड्राइवर की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. यह घटना विभूतिपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बूढ़ी गंडक नदी पर बने पुल के पास, सलखन्नी चौक पर हुई.
दानापुर में अवैध हथियार के साथ एक गिरफ्तार
वहीं, दानापुर के शाहपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान शंकरपुर निवासी मनोहर कुमार उर्फ बड़ा मनोहर के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके घर से एक देशी कट्टा और छह जिंदा कारतूस बरामद किए हैं.
दानापुर-1 के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि मकसूदपुर ओपी क्षेत्र के शंकरपुर में एक व्यक्ति हथियार का प्रदर्शन करते हुए पतलापुर बाजार की ओर जा रहा है. सूचना मिलने के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक, दानापुर-1 के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई.
देशी कट्टा और छह जिंदा कारतूस बरामद
इसके बाद शाहपुर थानाध्यक्ष नवीन कुमार सिंह और मकसूदपुर ओपी प्रभारी अनुज कुमार सहित पुलिस टीम ने कार्रवाई की. पुलिस ने सूचना का सत्यापन करने और मानवीय सूचना जुटाने के बाद आरोपी के घर पर छापेमारी की, जहां से देशी कट्टा और छह जिंदा कारतूस बरामद किए गए. इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया.
गिरफ्तार मनोहर कुमार का आपराधिक इतिहास
पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, गिरफ्तार मनोहर कुमार उर्फ बड़ा मनोहर का आपराधिक इतिहास भी रहा है. उसके खिलाफ शाहपुर थाने में वर्ष 2016 और 2023 के कांड दर्ज होने रिकॉर्ड भी दर्ज है. इनमें हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराएं शामिल हैं.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
मिली जानकारी के अनुसार, इस पूरे मामले में शाहपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई करने में जुट गई है. बता दें कि छापेमारी टीम में शाहपुर थानाध्यक्ष नवीन कुमार सिंह, मकसूदपुर ओपी प्रभारी अनुज कुमार, उसरी ओपी प्रभारी आलोक कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक पप्पू कुमार और शाहपुर थाने के सशस्त्र बल शामिल थे.
समस्तीपुर से मंटुर कुमार की रिपोर्ट और दानापुर से इश्तेयाक खान की रिपोर्ट