)
मधुबनी में SC/ST पुलिस स्टेशन में 17 डॉक्टरों समेत 77 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. यह मामला बिहार राज्य अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य संजय कुमार के साथ मारपीट और गाली-गलौज से जुड़ा है. मिली जानकारी के अनुसार, 22 मई को एक समीक्षा बैठक के दौरान उन्हें घसीटा भी गया था. यह कार्रवाई राष्ट्रीय आयोग के निर्देशों के बाद की गई है.
जमुई में बच्ची की मौत पर डॉ. की सफाई
वहीं, जमुई शहर के अतिथि पैलेस चौक के समीप डॉ. एसएन झा के निजी क्लीनिक में बुधवार की देर शाम 10 माह की बच्ची की मौत के बाद उठे विवाद पर गुरुवार (15 अक्टूबर, 2026) को डॉक्टर ने प्रेसवार्ता कर अपनी सफाई दी. उन्होंने बच्ची के इलाज में लापरवाही और गलत दवा देने के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. डॉ. एसएन झा ने बताया कि बच्ची को बुधवार सुबह निमोनिया की शिकायत लेकर क्लीनिक लाया गया था. जांच के बाद उसे दवा और इंजेक्शन दिया गया.
उल्टी हुई और अचानक हो गई मौत
उनके अनुसार, इलाज के बाद बच्ची की स्थिति स्थिर हो गई थी, जिसके बाद उसे घर भेज दिया गया. डॉक्टर ने दावा किया कि परिजनों के अनुसार बच्ची शाम चार बजे तक खेल रही थी. इसके बाद उसे उल्टी हुई और अचानक उसकी मौत हो गई. डॉ. झा ने आशंका जताई कि दूध पिलाने के दौरान दूध या उल्टी सांस की नली में जाने से भी ऐसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है. हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि मौत की असली वजह जांच और पोस्टमार्टम के बाद ही सामने आएगी.
क्लीनिक में कुछ लोगों ने की तोड़फोड़
उन्होंने कहा कि इलाज से संबंधित पर्चा और रिकॉर्ड उनके पास मौजूद हैं और दी गई दवाएं निमोनिया के उपचार के अनुसार थीं. प्रेसवार्ता में डॉक्टर ने यह भी आरोप लगाया कि बच्ची की मौत के बाद कुछ लोगों ने क्लीनिक में तोड़फोड़ की और उनके कर्मचारियों के साथ मारपीट की, जिसमें एक कंपाउंडर घायल हो गया. मारपीट का वीडियो भी सामने आया है.
बेतिया में जच्चा-बच्चा की मौत
बेतिया के नरकटियागंज में एक प्राइवेट क्लिनिक में जच्चा-बच्चा की मौत हो गई है. परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया है. मिली जानकारी के अनुसार, सोनी देवी कल देर रात प्रसव के लिए क्लिनिक पहुंची थीं, लेकिन झोलाछाप की लापरवाही के कारण मां और बच्चे दोनों की जान चली गई. परिजनों का आरोप है कि गलत इंजेक्शन देने की वजह से उनकी मौत हुई है. इस घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल में भारी हंगामा किया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें शांत कराया. अब पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है. डॉक्टर और अस्पताल के कर्मचारी मौके से फरार हो गए हैं.
-जी मीडिया रिपोर्ट