App

श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट, ट्रेनें रद्द: मौके पर पहुंचीं ATS और सुरक्षा एजेंसियां

श्रीगंगानगर के रामसिंहपुर इलाके में सुरतगढ़-अनूपगढ़ रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट हुआ. घटना के बाद ATS, CID और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं. सभी ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं और घटनास्थल सील है.

श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट, ट्रेनें रद्द: मौके पर पहुंचीं ATS और सुरक्षा एजेंसियां
Image Credit: रामसिंहपुर इलाके में रेलवे ट्रैक पर हुआ ब्लास्ट.

राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में भारत-पाकिस्तान सीमा के नजदीक रामसिंहपुर क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध विस्फोट की घटना सामने आई है. गांव 50 जीबी के पास मंगलवार रात अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर यात्री ट्रेन गुजरने के करीब 45 मिनट बाद जोरदार धमाका हुआ. विस्फोट इतना तेज था कि रेलवे ट्रैक के नीचे लगे सीमेंट के दो स्लीपर पूरी तरह टूट गए. वहीं, पटरियों के बीच करीब दो फीट गहरा गड्ढा बन गया.

धमाके की आवाज घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर स्थित ढाणी के अलावा आसपास के गांवों तक सुनाई दी. अचानक हुए विस्फोट से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. रेलवे ट्रैक को हुए नुकसान और धमाके की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं.

पुलिस से लेकर ATS और IB तक जांच में जुटीं
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, रेलवे और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे. इसके अलावा सीआईडी, इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB), आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) और एफएसएल की टीमों ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की.

सुरक्षा एजेंसियां विस्फोट के पीछे की वजह तलाश रही हैं. जांच का मुख्य बिंदु यह है कि धमाके में किस तरह की सामग्री का इस्तेमाल किया गया था. इसके साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचाने के पीछे किसी की साजिश तो नहीं थी. जांच एजेंसियां विस्फोट की प्रकृति और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों की पड़ताल कर रही हैं.

सूरतगढ़-अनूपगढ़ रूट की चारों ट्रेनें रद्द
रेलवे ट्रैक पर विस्फोट और सुरक्षा जांच के चलते उत्तर पश्चिम रेलवे ने बुधवार, 4 नवंबर को सूरतगढ़-अनूपगढ़ रेलखंड पर चलने वाली चारों रेलसेवाओं को रद्द कर दिया. उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि अपरिहार्य कारणों के चलते इन ट्रेनों का संचालन उनके प्रारंभिक स्टेशन से नहीं किया जाएगा.

रद्द की गई रेलसेवाओं में गाड़ी संख्या 59715 सूरतगढ़-अनूपगढ़, 59716 अनूपगढ़-सूरतगढ़, 59711 सूरतगढ़-अनूपगढ़ और 59712 अनूपगढ़-सूरतगढ़ शामिल हैं.

इनमें सुबह 5:45 बजे सूरतगढ़ से अनूपगढ़ पहुंचने वाली ट्रेन, सुबह 6:15 बजे अनूपगढ़ से बठिंडा जाने वाली रेलसेवा, सुबह 9:35 बजे सूरतगढ़ से अनूपगढ़ पहुंचने वाली ट्रेन और सुबह 10:35 बजे अनूपगढ़ से सूरतगढ़ रवाना होने वाली रेलसेवा शामिल है.

यात्रियों को उठानी पड़ी परेशानी
घटना के बाद सुरक्षा और जांच संबंधी कार्रवाई के कारण बुधवार सुबह 9 बजे तक रेल संचालन प्रभावित रहा. चारों रेलसेवाएं रद्द होने से सूरतगढ़, अनूपगढ़ और आसपास के ग्रामीण इलाकों के यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा. फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां विस्फोट के कारणों और इसमें इस्तेमाल की गई सामग्री का पता लगाने में जुटी हैं.

Reporter- Pradeep Kumar

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Zee Rajasthan Web Team

Zee Rajasthan Web Team

राजस्थान की सबसे भरोसेमंद और तेज़ डिजिटल न्यूज़ डेस्क. प्रामाणिक खबरें, राजनीतिक हलचल, लोकल अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज़ और हर ज़िले की हर बड़ी गतिविधि सबसे पहले और सटीक अंदाज़ में. जुड़े रहिए हमारे साथ—सच बेबाक, राजस्थान तक
Read More