App

खरगे के बयान पर बवाल: BJP का वार, विपक्ष का पलटवार; पप्पू यादव बोले- क्या गाली देने का सर्टिफिकेट सिर्फ BJP को मिला?

मल्लिकार्जुन खरगे के पीएम मोदी को लेकर दिए गए बयान पर सियासी घमासान मचा हुआ है. खरगे के बयान पर बीजेपी देशव्यापी प्रदर्शन कर रही है. बीजेपी नेता खरगे की ऐसी भाषा और तेवरों पर पूरी कांग्रेस को घेर रहे हैं. हालांकि, कुछ विपक्षी दलों के नेताओं ने खरगे का बचाव किया है.

खरगे के बयान पर बवाल: BJP का वार, विपक्ष का पलटवार; पप्पू यादव बोले- क्या गाली देने का सर्टिफिकेट सिर्फ BJP को मिला?
Image Credit: वीडियो ग्रैब (X)

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक बार फिर पीएम मोदी पर अभद्र टिप्पणी करते हुए विवादित बयान दिया है. खरगे के बयान पर शुरू हुआ सियासी घमासान सोमवार को चरम पर पहुंचता दिख रहा है. कांग्रेस अध्यक्ष की इस टिप्पणी ने देशभर में नेताओं की भाषा शैली पर बहस छेड़ दी है. खरगे के बयान को आपत्तिजनक और शर्मनाक बताते हुए बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस पार्टी के नेताओं पर गंभीर सवालों की बौछार करके पूरी पार्टी को निशाने पर लिया है. बीजेपी नेताओं ने फारूक अब्दुल्ला के बयान पर भी सवाल उठाए हैं. दूसरी ओर कांग्रेस के नेताओं समेत विपक्ष के कुछ नेताओं ने खरगे का बचाव करते हुए बीजेपी पर पलटवार किया है. 

गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत मोदी कैबिनेट में शामिल नेताओं और बीजेपी के अन्य नेताओं ने खरगे के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए सियासत में मर्यादा की सभी सीमाएं लांघ जाने का आरोप लगाया है. आपको बताते चलें कि खरगे इससे पहले भी पीएम मोदी पर विवादित टिप्पणी कर चुके हैं. 

'सांप' से लेकर 'बाप' तक खरगे के बिगड़े बोल

2022 में खरगे ने अहमदाबाद में पीएम मोदी की तुलना रावण से की थी. 2023 में उन्होंने पीएम मोदी को जहरीला सांप बताया था. चेन्नई में उन्होंने पीएम मोदी की गलत तुलना की और 2026 में पीएम मोदी के स्वर्गीय पिता तक पहुंच गए.

'चाल, चरित्र और चेहरे' को लेकर खुद को दूसरी राजनीतिक पार्टियों से अलग बताने वाली बीजेपी के नेताओं ने कांग्रेस नेताओं की मानसिकता पर भी सवाल उठाए हैं. 

क्या है पूरा मामला?

खरगे बिहार की राजधानी पटना में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे, उस समय भीड़ में मौजूद एक युवक ने कहा, 'मोदी नहीं जाएगा.' ये सुनकर भड़के खरगे ये तक कह गए- 'मोदी का बाप भी जाएगा.' 

बैकफुट पर कांग्रेस!

बीजेपी के वरिष्ठ नेता और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस के नेता अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं. मर्यादा का उल्लंघन ठीक नहीं है, उनकी टिप्पणी ने आहत किया हैं, इसलिए खरगे को माफी मांगनी चाहिए.

अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ने सारी मर्यादाएं तार-तार कर दी हैं. यह पहली बार नहीं है कि पीएम मोदी को टारगेट किया गया हो. कभी उनकी मां को अपशब्द कहे, कभी चायवाला कहकर उपहास उड़ाया. वो भूल जाते हैं कि जब-जब उन्होंने पीएम मोदी पर ऐसे घटिया बयान दिए हैं, जनता ने उन्हें सबक सिखाया है. 

बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने खरगे के बयान को गलत बताते हुए कांग्रेस पर अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया. 

प्रधानमंत्री मोदी पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी को लेकर दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, 'कांग्रेस नेताओं के आपत्तिजनक बयान इतिहास में दर्ज हो रहे, जनता कभी माफ नहीं करेगी.'

दिल्ली की सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा, 'विपक्ष लगातार प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करके उनके माता-पिता के बारे में भी गलत बातें कह रहा है. कांग्रेस पार्टी आपा खो चुकी है. उसकी सोचने-समझने की क्षमता खत्म हो गई है. राहुल गांधी और खरगे को माफी मांगनी चाहिए.

'कांग्रेस की भाषा हो गई अमर्यादित': BJP

जम्मू-कश्मीर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा ने भी खरगे और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला के बयानों पर भी कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस को घेरा है. शर्मा ने कहा कि निराशा और हताशा में कांग्रेस अपनी राजनीतिक मर्यादाएं भूलती जा रही है. पहले राहुल गांधी और प्रियंका गांधी इस तरह की बयानबाजी करते थे लेकिन अब कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी ऐसी टिप्पणियां कर रहे हैं.

उन्होंने कहा कि जब किसी राष्ट्रीय राजनीतिक दल के इतने वरिष्ठ नेता की ओर से इस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया जाता है, तो इससे देश के नागरिकों को ठेस पहुंचती है. यदि पार्टी का अध्यक्ष ही असंसदीय भाषा का प्रयोग करता है, तो पार्टी के अन्य नेताओं से क्या उम्मीद की जा सकती है.

विपक्ष ने किया बचाव

समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष वर्मा ने खरगे के बयान का बचाव करते हुए भारतीय जनता पार्टी पर मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया. वर्मा ने कहा, बयान को संदर्भ से हटाकर पेश किया जा रहा है. खरगे का आशय उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई से था, जो संविधान को कमजोर करने या उसे समाप्त करने का प्रयास करते हैं.

पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने कहा कि बीजेपी के लोग सोनिया गांधी, राजीव गांधी सहित कांग्रेस के अन्य नेताओं को गाली देते हैं तब कोई कुछ नहीं बोलता है, क्या देश में बीजेपी-आरएसएस को ही गाली देने का सर्टिफिकेट मिला है. बीजेपी के लोगों को ये नहीं पता कि मल्लिकार्जुन खरगे ने मुहावरा कहा था.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shwetank Ratnamber

Shwetank Ratnamber

श्वेतांक रत्नाम्बर वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल न्यूज़ मीडिया में 22 वर्षों से ज्यादा का व्यापक अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय (देश-दुनिया) खबरों की डेस्क पर कार्यरत हैं. समसामयिक मुद्दों, वैश्विक राजनीति और कूटनीति पर गहरी समझ रखने वाले श्वेतांक जटिल अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों और राजनीतिक समीकरणों का सटीक विश्लेषण करने के विशेषज्ञ हैं.Zee News डिजिटल से पहले उन्होंने ज़ी मीडिया नेटवर्क के ग्लोबल न्यूज़ चैनल 'WION' के साथ काम किया है. इस दौरान उन्होंने 'Gravitas', 'The West Asia Post' और 'One Africa' जैसे कई प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्राइम-टाइम शोज़ के हिंदी प्रोडक्शन और इंटरप्रिटेशन में अहम भूमिका निभाई. 2004 से शुरू हुए अपने पत्रकारिता करियर में श्वेतांक ने रिपोर्टिंग और एंकरिंग के साथ-साथ चार लोकसभा और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की व्यापक ग्राउंड कवरेज की है.जामिया मिल्लिया इस्लामिया (JMI), नई दिल्ली से जर्नलिज्म में पीजी डिप्लोमा के बाद मास कम्युनिकेशन और पॉलिटिकल साइंस में मास्टर्स डिग्री हासिल करने वाले श्वेतांक लंबे समय से 'प्रेस क्लब ऑफ इंडिया' (PCI) के सम्मानित सदस्य हैं.आप श्वेतांक रत्नाम्बर से सीधे shwetank.ratnamber@india.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप उनसे एक्स (ट्विटर), मेटा (फेसबुक) और लिंक्डइन पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.' 
Read More