)
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत ने सोमवार को नागपुर में एक बड़ा बयान देते हुए कहा कि संघ 100 साल से किसी की कृपा से नहीं, स्वयंसेवकों के समर्पण से चल रहा. उन्होंने यह बयान नागरिक सहकारी बैंक के मुख्यालय और सभागार के उद्घाटन के मौके पर दिया है. इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी मौजूद रहे.
मोहन भागवत ने कहा कि इसे बताने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन यह कार्यक्रम अपने आप में खास है. आज दो कार्यक्रम हैं. एक भवन का उद्घाटन और दूसरा प्रचारकों पर आधारित स्मृति ग्रंथ का विमोचन. नितिन गडकरी के मन में जो विचार आया, वही मेरे मन में भी आया कि एक तपस्या है और दूसरा उसका परिणाम. आज हम दोनों का एक साथ अनुभव कर रहे हैं.'\
उन्होंने एक पुरानी कहानी सुनाते हुए अपनी बात समझाई. मोहन भागवत ने कहा कि आप सभी ने यह कहानी सुनी होगी. मैंने भी इसे उन्हीं के साथ सुना था. शेष जी एक कहानी सुनाया करते थे. कहानी के मुताबिक, 'एक राजा अपनी सेना के साथ जंगल में रास्ता भटक गया. घूमते-घूमते वह एक स्थान पर पहुंचा, जहां एक झोपड़ी थी और दो-चार साधु बाबा साधना कर रहे थे. राजा ने उनसे कहा कि हम सभी थक गए हैं और हमें भोजन, पानी तथा ठहरने की व्यवस्था चाहिए. आपके पास तो ये सुविधाएं उपलब्ध नहीं दिखतीं, लेकिन क्या आप बता सकते हैं कि ये कहां मिलेंगी?'
ऋषियों ने कहा कि सामने वाले जंगल में जाइए, वहां सारी व्यवस्था हो जाएगी. राजा अपनी सेना के साथ वहां पहुंचा और उसके लिए सभी व्यवस्थाएं कर दी गईं. उन्होंने रातभर आराम किया और अगली सुबह तरोताजा होकर वापस लौटे. राजा ने पहले उन तपस्वियों से पूछा कि यह व्यवस्था किसने की थी. उन्होंने कहा कि हमने ही की थी. राजा ने पूछा कि फिर आप यहां क्यों रहते हैं और वहां क्यों नहीं रहते? ऋषियों ने कहा कि हम यहां साधारण और अभावपूर्ण परिस्थितियों में रहते हैं, ताकि वहां आप जैसे लोगों के लिए सारी व्यवस्थाएं कर सकें.
मोहन भागवत ने कहा कि संघ के संस्थापक ने इस सिद्धांत को बहुत पहले ही समझ लिया था. वे देश की उन्नति के लिए चलाए जा रहे विभिन्न कार्यों के अनुभवी कार्यकर्ता थे. अपने अनुभव से उन्होंने सीखा कि मनुष्य को अच्छा बनाओ, तो सब कुछ अच्छा हो जाता है. इसी वजह से RSS तब से लेकर आज तक व्यक्ति निर्माण की पद्धति के रूप में काम कर रहा है.
उन्होंने कहा कि संघ ने 100 वर्ष पूरे किए हैं और आज भी आगे बढ़ रहा है. यह किसी की कृपा से नहीं बल्कि स्वयंसेवकों के कर्तत्व और समर्पण के कारण संभव हुआ है. हमें काम तेजी से करना है, क्योंकि समय के साथ हमारी होड़ लगी हुई है. बिगड़ने की रफ्तार और सुधार की गति के बीच सही तालमेल बनाकर आगे बढ़ना है. इसके लिए प्रत्येक स्वयंसेवक किसी न किसी रूप में काम करता है, कुछ समय देता है और उसी के मुताबिक अपना जीवन जीता है. भागवत ने बताया,'स्वयंसेवक दो तरह से योगदान देते हैं. जो लोग समय नहीं दे पाते, वे भी अपने जीवन और आचरण के माध्यम से एक सकारात्मक वातावरण का निर्माण करते हैं.'
भागवत ने प्रचारकों के जीवन पर विस्तार से बात की. उन्होंने कहा कि मनुष्य स्वभाव के जितने प्रकार हैं, मनुष्यों के कर्तत्व के कम-ज्यादा जितने स्तर हैं, मनुष्य को गुणों में जितने प्रकार हैं, सबका अपना अलग-अलग है, लेकिन एक फीचर कॉमन है. यह है उनका समर्पण. उन्होंने कहा,'और उसके लिए अब हम क्या कहें, हम सब, मैं प्रचारक हूं. आपने प्रचारक देखे हैं, देख रहे हैं, तो हमारे लिए तो अब आम बात हो गई 100 साल के बाद. प्रचारक निकलते ही हैं ऐसा हो गया.'
मोहन भागवत ने कहा कि अभी मुझे बाहर भी जाना पड़ता है, देश के बाहर भी, तथाकथित विकसित देशों में जाना पड़ता है. वहां का समाज बड़ा व्यवस्थित है, ज्ञानी है और कर्तत्व संपन्न है. ऐसे लोगों में भी जाना पड़ता है, तो मैं देखता हूं कि उनको यह आश्चर्य लगता है कि ये व्यक्ति संघ में कैसे तैयार होते हैं? मिलता कुछ नहीं, लेकिन सौ साल से सब लोग काम कर रहे हैं. सब आयु के लोग हैं और कुछ लोग तो अपना पूरा जीवन दे देते हैं. उसका उनको धन्यवाद भी नहीं मिलता.
संघ प्रमुख ने कहा कि 100 साल के बाद पुस्तकें लिखी जा रही हैं प्रचारकों पर, यह बात ठीक है, लेकिन कभी किसी प्रचारक ने इसकी अपेक्षा नहीं की थी और न करेगा क्योंकि मिलना कुछ है नहीं. वो भाग्य से कुछ सिर पर गिर गया तो गिर गया. दूसरी बात है कि लिखने वाले भी इसलिए नहीं लिखते, थोड़ा बहुत तो प्रेम रहता है, जिनके साथ काम किया उनके बारे में कृतज्ञता रहती है, स्नेह रहता है. वह एक परिणाम रहता है, लेकिन उससे ज्यादा वो कहते हैं कि ऐसे जीवन लोगों के सामने आने चाहिए, तो प्रचारक के लिए कुछ भी नहीं है, केवल संघ है, संघ ही संघ है और कुछ नहीं है. ऐसी उसकी मन: स्थिति है और वो काम करता है तो उसके प्रति एक स्वाभाविक पूज्यता रहती है. उस कृतज्ञता के कारण, स्नेह के कारण यह पुस्तक आपके सामने आई है.
(इनपुट- आईएएनएस)