App

फिटमेंट फैक्टर के अनुमान पर केंद्रीय कर्मचारियों में नाराजगी, यूनियन लीडर ने कहा-लागू हुआ तो...पहले दिन से धरने पर बैठ जाएंगे

जेपी मॉर्गन की तरफ से जारी रिपोर्ट में अनुमान जताया गया कि आठवें वेतन आयोग के तहत 1.83 फिटमेंट फैक्टर लागू किया जा सकता है. यदि यह लागू हुआ तो इस पर कर्मचारियों की बेसिक सैलरी और एरियर में कितना इजाफा होगा?

फिटमेंट फैक्टर के अनुमान पर केंद्रीय कर्मचारियों में नाराजगी, यूनियन लीडर ने कहा-लागू हुआ तो...पहले दिन से धरने पर बैठ जाएंगे
Image Credit: (AI) सरकारी कर्मचारियों की यूनियन की तरफ से 3.83 फिटमेंट फैक्टर की मांग की जा रही है.

जब से आठवें वेतन आयोग का गठन हुआ है, तब से ही केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को इसकी सिफारिश का इंतजार है. केंद्रीय कर्मचारियों की अलग-अलग यूनियन की तरफ से 2.86, 3 और 3.83 के फिटमेंट फैक्टर की मांग की गई है. आयोग की तरफ से किस मांग पर विचार किया जाता है और क्या सिफारिश की जाती है, यह आने वाले समय में साफ होगा. लेकिन अभी ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म जेपी मॉर्गन (JPMorgan) ने एकदम अलग तस्वीर पेश की है. जेपी मॉर्गन की तरफ से गुरुवार को जारी 'इंडिया इक्विटी स्ट्रैटेजी आउटलुक 2027' रिपोर्ट में ब्रोकरेज की तरफ से 1.83 फिटमेंट फैक्टर को बेस केस माना गया है. जेपी मॉर्गन का अनुमान कर्मचारी यूनियनों की तरफ से की जा रही मांग 3.83 का आधे से भी कम है. इस अनुमान के आधार पर आपको लग सकता है कर्मचारियों की सैलरी में करीब 83 फीसदी का इजाफा हो सकता है. लेकिन जेपी मॉर्गन का कहना है कि असल में यह बढ़ोतरी काफी कम है.

क्या है फिटमेंट फैक्टर 1.83 का खेल?

फिटमेंट फैक्टर वह मल्टीपल होता है जिसे मौजूदा बेसिक सैलरी से गुणा करके नई बेसिक सैलरी तय होती है. जेपी मॉर्गन के एनालिस्ट राजीव बत्रा और रुशित मेहता के अनुसार फिटमेंट फैक्टर एक ही समय में दो काम करता है. हर नए वेतन आयोग में पहले से दिये जा रहे महंगाई भत्ते (DA) को बेसिक सैलरी में मर्ज किया जाता है, उसके ऊपर वास्तविक बढ़ोतरी जुड़ती है. सरकार महंगाई से राहत देने के लिए साल में दो बार महंगाई भत्ता बढ़ाती है. नए वेतन आयोग के लागू होने पर पुराने DA को बेसिक सैलरी में जोड़ दिया जाता है. इसके बाद डीए की गिनती फिर से 0 से शुरू हो जाती है.

2016 में 125 फीसदी डीए को मर्ज किया गया था

नया वेतन आयोग लागू होने के बाद आपकी तय होने वाली बेसिक सैलरी के बाद डीए फिर से शुरू हो जाता है. इसका बड़ा हिस्सा कर्मचारियों को पहले से डीए के रूप में मिल रहा होता है. जेपी मॉर्गन ने जनवरी 2026 में लागू हुए 60 फीसदी डीए को आधार मानकर यह कैलकुलेशन की है. केवल 60 फीसदी डीए को मर्ज करने से बेसिक सैलरी 1.6 गुना होती है. इसके ऊपर 14 फीसदी की असर हाइक जोड़ने पर फिटमेंट फैक्टर 1.83 हो जाता है. 2016 में लागू किये गए 7वें वेतन आयोग में भी इसी तरह का फॉर्मूला अपनाया गया था. उस समय 2.57 का फिटमेंट फैक्टर तय हुआ था. लेकिन इसमें 125 फीसदी DA मर्ज हुआ था.

जेपी मॉर्गन ने यह भी कहा कि 1.83 का आंकड़ा केवल अनुमान है, यह भविष्यवाणी नहीं है. इसमें बताया गया है कि यदि सरकार 2016 के पैटर्न को फॉलो करती है तो आंकड़े कैसे दिखेंगे? ब्रोकरेज की तरफ से कम बढ़ोतरी वाले मामले में कुल बिल में 15 फीसदी और ज्यादा बढ़ोतरी वाले मामले में 30 फीसदी इजाफे का मॉडल तैयार किया गया है. बेस केस में भी औसत कर्मचारी को हर महीने करीब 15,400 रुपये ज्यादा मिलेंगे और करीब 3.4 लाख रुपये का एरियर दिया जाएगा. जेपी मार्गन के अनुमान को लेकर ऑल इंडिया एनपीएस एम्पलाइज फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सेंट्रल गवर्नमेंट एम्पलाइज कंफेडरेशन के चेयरमैन डॉ. मंजीत सिंह पटेल ने जी न्यूज से खुलकर बात की.

manjeetsinghpatel

जी न्यूज के सवाल और डॉ. मंजीत सिंह के जवाब

सवाल -1: जेपी मार्गन ने 8वें वेतन आयोग के लिए 1.83 फिटमेंट फैक्टर का अनुमान लगाया है, पर आपका क्या कहना है? क्या कर्मचारी संगठन इसे स्वीकार करेंगे?
जवाब: डॉ. मंजीत सिंह पटेल ने दोटूक कहा, पहली बात तो 1.83 फिटमेंट फैक्टर पॉसिबल ही नहीं है. जेपी मार्गन ने ये कैसे दिया है, ये टेक्निकली रॉन्ग है. उसकी कारण यह है कि अभी 1.63 फिटमेंट फैक्टर विदआउट प्रॉफिट, विदआउट लॉस चल रहा है. यानी हम इतने पर ऑलरेडी चल रहे हैं. इसके बाद कर्मचारियों का करीब एक महीने बाद 4 से 5 फीसदी जनवरी में ड्यू है. इसके अलावा 3% का इंक्रीमेंट भी ड्यू है. इसका मतलब हुआ यदि आप बेसिक पे इंक्रीमेंट बढ़ाओगे, साथ में डीए बढ़ाओगे तो मोटा-मोटा 8 से 10% के करीब बढ़ना तय है. यानी 1.63 में अगर आप इसे जोड़ दें तो 1.73 तो ऐसे ही हो गया. आप पे कमीशन लगाओगे तो क्या कुछ ही फायदा होगा? इस तरह यह पॉसिबल नहीं है.

पिछला रिकॉर्ड देखें हमारा फैमिली कंजम्पशन भी बदल चुका है. पहले यह 2700 कैलोरी था, अब वो बढ़कर 3600 कैलोरी हो गया है. इस हिसाब से भी आप देखें तो करीब 32-33% हिस्सा ऐसे ही बढ़ रहा है. फैमिली के लिए हमारी तीन यूनिट की बजाय पांच यूनिट करने की डिमांड है, तो वहां करीब 64% की ग्रोथ दिखा रहा है. यदि आप इसको एडजस्ट करके बीच में एवरेज भी निकालते हैं तब भी 33-34% का बेनिफिट होना चाहिए. 33% को यदि आप 30% भी लेकर चलते हैं तो यह 2.1 से ज्यादा ऐसे ही आ रहा है. जेपी मॉर्गन ने ऐसी रिपोर्ट क्यों दी है? मुझे लग रहा है यह कहीं न कही कर्मचारियों और पेंशनर्स के ऊपर दबाव बनाने की रणनीति है.

सवाल -2: यूनियन की तरफ से 3.83 फिटमेंट फैक्टर की मांग है. सरकार ने यदि जेपी मार्गन वाली उम्मीद के आसपास ही लागू किया तो क्या होगा?
जवाब: पहली बात तो यह अनुमान पूरी तरह गलत है और ऐसा होगा नहीं. यदि ऐसा हुआ भी तो इसका घोर विरोध होगा. 1.83 का कोई मतलब नहीं है. इससे सरकार को फायदा की बजाय भयंकर नुकसान होगा. उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब समेत पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव तैयार हैं. लोग फिटमेंट फैक्टर पर दी जाने वाली किसी भी सिफारिश का इंतजार कर रहे हैं. पिछले 10 साल में डीए 50% भी नहीं बढ़ा है. जबकि उसके पिछले वाले कार्यकाल में (जब सातवां पे कमीशन आया) 125% डीए बढ़ा था. उस लिहाज से हमारा 75% का सीधे-सीधे नुकसान वहीं है.

सवाल -3: 1.83 फिटमेंट फैक्टर पर ऑल इंडिया एनपीएस एम्प्लॉइज फेडरेशन का इस पर क्या कदम होगा?
जवाब: ऑल इंडिया एनपीएस एम्प्लॉइज फेडरेशन (AINPSEF) पहले दिन से धरने पर आ जाएगा. हम सरकार के खिलाफ नारेबाजी करेंगे और पूरा माहौल बनाएंगे. चाहे उत्तर प्रदेश का विधान सभा चुनाव हों फिर या फिर पंजाब का चुनाव, हम हर जगह सरकार की खिलाफत करेंगे. हमें यह किसी भी तरह से स्वीकार नहीं होगा. पिछले दिनों फिक्की के अधिवेशन में माननीय मोदी जी ने खुद प्राइवेट एम्प्लॉयर से पूछा है कि क्या आपने कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाई? इसका मतलब तो यही है कि वह इसको लेकर काफी पॉजिटिच हैं. वह प्राइवेट सेक्टर में एम्प्लॉई की सैलरी बढ़ाने की बात कर रहे हैं तो इसका मतलब तो यह है कि उन्हें अपने कर्मचारियों का भी ध्यान होगा.

सवाल -4: आठवें वेतन आयोग का एरियर सरकार की तरफ से कब से दिया जा सकता है?
जवाब: एरियर तो सरकार को देना ही है, इसे छुपाया नहीं जा सकता. यह 1 जनवरी 2026 से ही बनेगा. करीब एक साल कर्मचारियों का एरियर ड्यू हो चुका है.

सवाल -5: ओपीएस, एनपीएस और यूपीएस वाले मामले पर सरकार के साथ किसी तरह बातचीत चल रही है?
जवाब: पेंशन मंत्रालय ने हमें दिसंबर में बुलाया है, हमारी इस पर बातचीत होगी. एनपीएस ट्रस्ट में बहुत बड़ी खामियां सामने आई हैं, जिसको हमने 14 अक्टूबर को उठाया था और माननीय प्रधानमंत्री जी को भी चिट्ठी लिखी थी. उसको लेकर भी हमारी बातचीत चल रही है और कोशिश है कि ये मुद्दा सरकार के संज्ञान में रहे. यह काफी संवेदनशील मुद्दा है और कोशिश है कि इसमें कुछ न कुछ हल जरूर निकले.

कर्मचारियों की मांग से बहुत दूर है आंकड़ा

कर्मचारी यूनियनों ने अनुमान से ज्यादा डीए की मांग की है. नेशनल काउंसिल (NC-JCM) के स्टाफ साइड ने आयोग से 3.83 के एक जैसे फिटमेंट फैक्टर की डिमांड की है. यदि इस मांग को मान लिया जाता है तो मिनिमम बेसिक सैलरी 18,000 रुपये से बढ़कर 69,000 रुपये हो जाएगी. लेकिन 1.83 के फैक्टर पर बेसिक सैलरी का यह आंकड़ा 33,000 रुपये तक ही पहुंचता है. यूनियनों का कहना है कि उन्होंने 5 सदस्यों वाली फैमिली के रोजमर्रा के खर्च और ICMR के स्टैंडर्ड आधार पर पूरा हिसाब तैयार किया है. इसके अलावा सालाना इंक्रीमेंट को 3 प्रतिशत से बढ़ाकर 6 प्रतिशत करने की भी मांग है.

कब से मिलेगा एरियर का पैसा?

NC-JCM स्टाफ साइड के सेक्रेटरी शिव गोपाल मिश्रा ने बताया कि आठवें वेतन आयोग ने यूनियनों को मांगों को काफी पेशेंस के साथ सुना है और यूनियन की तरफ से दिये गए सुझावों को लिखा है. हालांकि, फिटमेंट फैक्टर 3.83 की मंजूरी को लेकर उन्होंने किसी तरह की भविष्यवाणी नहीं की. लेकिन एरियर कब से मिलेगा, इसको लेकर वह पूरी तरह आश्वस्त दिखे. मिश्रा ने कहा कि वह 100 फीसदी कह सकते हैं कि एरियर का भुगतान 1 जनवरी 2026 से ही किया जाएगा. यदि कोई इससे उलट बात करता है तो उस पर भरोसा नहीं करना चाहिए.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Kriyanshu Saraswat

Kriyanshu Saraswat

क्रियांशु सारस्वत वरिष्ठ बिजनेस जर्नलिस्ट (Business Journalist) हैं, उन्हें डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 साल का अनुभव है. मौजूदा समय में वह Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में बतौर 'असिस्टेंट न्यूज एडिटर' कार्यरत हैं. क्रियांशु को बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, टैक्सेशन, कमोडिटी और सरकारी योजनाओं आदि से जुड़ी खबरों को आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचाने में महारथ हासिल है. Zee News से पहले क्रियांशु ने टाइम्स इंटरनेट, हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण और अमर उजाला की वेबसाइट में अहम संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं. इस दौरान क्रियांशु ने ऑटो, टेक्नोलॉजी और लाइफस्‍टाइल लीड की जिम्मेदारी संभाली है. अभी क्रियांशु बिजनेस लीड हैं. यूपी से ताल्‍लुक रखने वाले क्र‍ियांशु पत्रकार‍िता में पोस्ट ग्रेजुएट हैं.
Read More