App

मां, बहन और प्रेमी ने युवती की हत्या कर शव को दफनाया, फिर उस पर लगा दिया आम का पेड़, मुजफ्फरपुर पुलिस का सनसनीखेज खुलासा

मुजफ्फरपुर में युवती की संदिग्ध स्थिति में मौत का पुलिस ने खुलासा कर दिया. मौत के बाद परिजनों ने घर के पिछवाड़े में खड्डा खोदकर दफनाया और साक्ष्य छुपाने की नीयत से आम का पौधा लगा दिया. पोल खुलने पर मृतिका की बहन और मां के साथ पड़ोसी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.

मां, बहन और प्रेमी ने युवती की हत्या कर शव को दफनाया, फिर उस पर लगा दिया आम का पेड़, मुजफ्फरपुर पुलिस का सनसनीखेज खुलासा
Image Credit: मुजफ्फरपुर में युवती की हत्या कर शव दफनाया, ऊपर लगाया आम का पेड़ (Z News)

मुजफ्फरपुर में प्रेम-प्रसंग का एक खौफनाक अंत सामने आया है. प्रेम-प्रसंग से नाराज युवती की मां और बहन पर हत्या कर उसके शव को घर के पिछवाड़े में खड्डा खोदकर दफना देने और फिर साक्ष्य छुपाने की नीयत से उसके ऊपर आम का पेड़ लगाने का मामला सामने आया है. हालांकि, परिजनों ने ही युवती के गायब होने का मामला दर्ज कराया था. 

वहीं, मामला दर्ज कराते ही घटना का राज खुल जाने के डर से मृतका के परिजन घर छोड़कर फरार हो गए. जब पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो पूरे मामले से पर्दा उठ गया और पता चला कि गायब युवती को उसके परिजनों ने ही गायब किया है. इसके बाद पुलिस ने मृतका की मां और बहन को गिरफ्तार कर लिया, जिससे पूरे मामले का रहस्य खुला. फिर पुलिस ने दोनों से पूछताछ की, तो पता चला कि मृतका के शव को जमीन के अंदर छुपाया गया था. इसके बाद पुलिस ने जमीन खोदकर शव को निकाला और पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है.

दरसअल, पूरा मामला मुजफ्फरपुर जिले के जजुआर थाना क्षेत्र के एक गांव का है, जहां की रहने वाली एक युवती 1 सितंबर, 2026 से लापता थी. जब पुलिस ने युवती के संबंध में जानकारी इकट्ठा करने के लिए उसके परिजनों की तलाश शुरू की, तो परिजन घर से गायब मिले. काफी दिनों तक पुलिस लापता युवती और उसके परिजनों की तलाश करती रही, लेकिन न तो युवती का कुछ पता चल पाया और न ही उसके परिजनों का. घटना के तकरीबन डेढ़ महीने के बाद, तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने लापता युवती की मां, उसकी बहन के साथ मृतका के प्रेमी और एक अन्य युवक को गिरफ्तार किया.

गिरफ्तार की गई मृतका की मां और बहन से जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो उन्होंने बताया कि पुत्री की मौत के बाद उसके शव को जमीन के अंदर दफना दिया गया था. इसके बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर जेसीबी की मदद से मिट्टी के अंदर से युवती का कंकाल बरामद कर लिया. बताया जा रहा है कि शव को छुपाने के लिए उसे मिट्टी के अंदर गाड़कर उसके ऊपर आम का पौधा लगा दिया गया था. वहीं, पुलिस ने भी स्वीकार किया है कि यह पूरी घटनाक्रम प्रेम प्रसंग को लेकर ही हुआ है.

पूरे मामले को लेकर ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि जजुआर थाने की पुलिस ने एक गायब युवती के शव को जमीन के अंदर से खोद कर निकाला है. गिरफ्तार मृतका के परिजनों ने पूछताछ में बताया कि उसकी पुत्री ने आत्महत्या कर ली थी, जिसके बाद साक्ष्य छुपाने की नीयत से घर के पिछवाड़े में खड्डा खोदकर उसे दफना दिया गया था. वहीं, पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है. साथ ही, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा होने की बात कही है. फिलहाल, पुलिस गिरफ्तार चारों आरोपियों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.

इनपुट: मणितोष कुमार

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More