)
Vikramshila Setu: भागलपुर के विक्रमशिला सेतु पर अब मरम्मत की शुरुआत हो गई है. इस सेतु पर वाहनों की आवाजाही आज से पूरी तरह बंद होने के बाद चार स्पैन पर बनाए गए बेली ब्रिज को हटाने का काम शुरू कर दिया गया है. बेली ब्रिज को हटाने के लिए सिक्किम से BRO की टीम भागलपुर पहुंची है. इस टीम के कर्मी बड़े क्रेन की मदद से बेली ब्रिज को खोलकर हटाने में जुटे हैं. विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्से पर चार स्पैन पर बेली ब्रिज तैयार किया गया था. सात जून 2026 को बेली ब्रिज के जरिए छोटे वाहनों की आवाजाही शुरू कराई गई थी. अब सेतु पर करीब तीन महीने तक परिचालन बंद रहने के बीच इन चारों स्पैन से ब्रिज हटाया जा रहा है.
बेली ब्रिज हटने के बाद बनेगा स्थायी ट्रस ब्रिज
चारों स्पैन से बेली ब्रिज हटने के बाद इसी जगह स्थायी संरचना तैयार करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी. दरअसल, तीन मई की रात विक्रमशिला सेतु का एक स्लैब क्षतिग्रस्त होकर गंगा में गिर गया था. इसके बाद सेतु पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई थी. छोटे गाड़ियों की आवाजाही के लिए क्षतिग्रस्त हिस्से पर बेली ब्रिज तैयार किया गया था. लेकिन अब सेतु के स्थायी समाधान के लिए निर्माण कार्य शुरू किया जा रहा है. बेली ब्रिज हटने के बाद चार स्पैन पर ट्रस ब्रिज का निर्माण किया जाएगा.
ट्रस ब्रिज बनने तक जलमार्ग बना वैकल्पिक रास्ता
यानी बेली ब्रिज हटने के बाद उसी हिस्से में ट्रस ब्रिज तैयार होगा. ट्रस ब्रिज के निर्माण के साथ सेतु के टूटे हुए हिस्से को मजबूत और सुरक्षित बनाने की दिशा में काम आगे बढ़ेगा. विक्रमशिला सेतु के बंद होने के बाद लोगों के लिए गंगा नदी में जहाज की व्यवस्था की गई है. आज से बड़े जहाजों के जरिए लोगों की यात्रा कराई जा रही है. सेतु पर परिचालन बंद रहने के दौरान गंगा का जलमार्ग लोगों के लिए वैकल्पिक विकल्प होगा.
विक्रमशिला सेतु पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद
फिलहाल विक्रमशिला सेतु पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद है. सेतु के एक तरफ बीआरओ की टीम बेली ब्रिज हटाने में जुटी है, तो दूसरी तरफ चार स्पैन पर ट्रस ब्रिज के निर्माण की तैयारी है. अगले करीब तीन महीने में मरम्मत और ट्रस ब्रिज निर्माण के बाद सेतु पर दोबारा परिचालन शुरू करने की योजना है.
रिपोर्ट: अश्वनी कुमार