)
बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर काफी हलचल देखने को मिल रही है. MLC चुनाव से पहले एनडीए में शामिल उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी रालोमो (RLM) में बड़ी टूट देखने को मिल रही है. विधान परिषद चुनाव से पहले उपेंद्र कुशवाहा के पार्टी के 4 में से तीन विधायकों (आलोक सिंह, माधव आनंद, रामेश्वर महतो) ने बगावती बिगुल फूंक दिया है. रालोमो के तीनों विधायकों ने NDA समर्थित जेडीयू उम्मीदवार आनंद पुष्कर का समर्थन करने से साफ इनकार कर दिया है. माधव आनंद ने एक्स पर एक ट्वीट करके इसकी घोषणा कर दी है.
साथियों, राजनीति केवल चुनाव नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के विश्वास, सम्मान और संगठन के प्रति समर्पण का नाम है। इसी भावना के साथ आज मैं दिनारा के लोकप्रिय विधायक सह प्रदेश अध्यक्ष श्री @jansevakalok_ जी एवं बाजपट्टी के लोकप्रिय विधायक एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री रामेश्वर कुमार महतो जी के साथ, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश महासचिव एवं प्रदेश मुख्य प्रवक्ता श्री राम पुकार सिन्हा कुशवाहा जी के सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद सदस्य के नामांकन में उपस्थित रहूँगा। मधुबनी के विधायक, विधायक दल के नेता एवं राष्ट्रीय प्रधान महासचिव तथा बिहार विधान सभा की शून्यकाल समिति के सभापति के रूप में मेरा स्पष्ट मानना है कि कार्यकर्ता का सम्मान ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। उनके सम्मान और विश्वास के साथ हम सदैव खड़े रहेंगे। राष्ट्रीय लोक मोर्चा NDA के साथ था, NDA के साथ है और आगे भी मजबूती से NDA के साथ खड़ा रहेगा। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी के नेतृत्व वाली बिहार सरकार के प्रति हमारा समर्थन निरंतर जारी रहेगा। NDA के शीर्ष नेतृत्व का निर्देश हमारे लिए सर्वोपरि है और उसका अक्षरशः पालन हमारा संकल्प है। कार्यकर्ताओं का सम्मान, संगठन की मजबूती और NDA की एकजुटता—यही हमारी निष्ठा और संकल्प है। @narendramodi @NitinNabin @samrat4bjp @NitishKumar @RLMofIndia @UpendraKushRLM @Chiragpaswan555 @jitanrmanjhi @Ias_anandsarma
— Madhaw Anand (@MAnandOfficial) October 5, 2026
माधव आनंद ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान में हम लोगों ने रामपुकार सिन्हा कुशवाहा को समर्थन करने का फैसला लिया है. उन्होंने रामपुकार सिन्हा के नामांकन में शामिल होने की बात कही है. उन्होंने कहा कि हमारी उपस्थिति केवल एक नामांकन कार्यक्रम में सहभागिता नहीं, बल्कि अपने कार्यकर्ताओं के सम्मान उनके विश्वास और उनके मनोबल के साथ मजबूती से खड़ा रहने का संकल्प है. हमारा स्पष्ट मानना है कि कार्यकर्ता का सम्मान ही संगठन का सम्मान और कार्यकर्ताओं का विश्वास ही संगठन की वास्तविक शक्ति है. जेडीयू प्रत्याशी का विरोध करने के बावजूद माधव आनंद ने एनडीए के साथ अपनी एकजुटता की बात कही है. उन्होंने कहा कि एनडीए का विश्वसनीय सहयोगी था और आगे भी एनडीए के साथ पूरी मजबूती एवं प्रतिबद्धता के साथ खड़ा रहेगा.
बता दें कि सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जेडीयू ने आनंद पुष्कर को मैदान में उतारा है. वहीं, रालोमो के प्रदेश महासचिव राम पुकार सिन्हा कुशवाहा ने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर ताल ठोक रहे हैं. सारण शिक्षक सीट के अलावा पटना स्नातक सीट पर भी जेडीयू उम्मीदवार को अंदरूनी कलह का सामना करना पड़ रहा है. यहां मोकामा से जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने पार्टी प्रत्याशी नीरज कुमार का विरोध कर दिया है और वह जन सुराज प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के लिए वोट मांग रहे हैं.