App

सारण में भीषण सड़क हादसा, ट्रक ने ऑटो को मारी टक्कर, 4 लोगों की मौत

सारण में ट्रक ने ऑटो को टक्कर मार दी, इस घटना में 4 लोगों की मौत होने की खबर है. दो लोग गंभीर रूप से घायल है, जिनका इलाज जारी है. घटना के बाद से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है.

सारण में भीषण सड़क हादसा, ट्रक ने ऑटो को मारी टक्कर, 4 लोगों की मौत
Image Credit: सारण सड़क हादसा (फाइल फोटो)

सारण जिले में मंगलवार (27 अक्टूबर, 2026) देर रात भीषण सड़क हादसे में मां-बेटे समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पिता और उनकी दो साल की बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए. मिली जानकारी के अनुसार, हादसा गड़खा थाना क्षेत्र में छपरा-मुजफ्फरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-722 पर पहाड़पुर के पास का बताया जा रहा है, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और इसमें 4 लोगों की मौत हो गई.

ट्रक ने ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया

बता दें कि एक परिवार लुधियाना में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गया था. समारोह के बाद परिवार बिहार लौटा और छपरा जंक्शन पर ट्रेन से उतरने के बाद ऑटो से अपने घर के लिए रवाना हुआ. इसी दौरान गड़खा थाना क्षेत्र के पहाड़पुर के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया. घर लौट रहे परिवार की खुशियां कुछ ही पलों में मातम में बदल गईं.

चालक-खलासी समेत कुल 6 लोग थे सवार

बताया जा रहा है कि ऑटो में चालक और खलासी समेत कुल छह लोग सवार थे. ट्रक की टक्कर के बाद ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए. हादसे में चालक और उसके सहयोगी की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया.

घायलों की हालत भी गंभीर

मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों में सारण जिले के परसा थाना क्षेत्र के पूरे छपरा गांव निवासी विशाल कुमार की पत्नी अनु कुमारी और उनका बेटा ऋषभ कुमार शामिल हैं. मां और मासूम बेटे की मौत होने से परिवार में कोहराम मचा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. 

हादसे में विशाल कुमार और उनकी बेटी भी गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों का उपचार एक अस्पताल में चल रहा है. उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है.

-आईएएनएस

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More

ट्रेंडिंग

  • न्यूज़
  • फोटो
  • वीडियो