)
भोजपुरी सिंगर और बिहार के MLC पवन सिंह पर बलिया परिवार न्यायालय कोर्ट में हाजिर नहीं होने पर 3000 रुपए का जुर्माना लगाया गया है. मिली जानकारी के अनुसार, कल यानी 17 अक्टूबर को तलाक और भरण पोषण के मामले की सुनवाई बलिया परिवार न्यायालय में हुई. इस दौरान पत्नी ज्योति सिंह तो हाजिर हुई, लेकिन पवन सिंह कोर्ट में हाजिर नहीं हुए.
पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने बताया कि पवन सिंह की तरफ से उनकी मां से जुड़े मेडिकल दस्तावेज अदालत में जमा किए गए हैं. साथ ही, मीडिएशन के लिए आवेदन भी दिया गया है. ज्योति सिंह का कहना है कि 4 साल पहले भरण पोषण का मुकदमा दर्ज कराया था और मुझे उम्मीद है कि कोर्ट से मुझे न्याय मिलेगा.
ज्योति सिंह का कहना है कि अगली तारीख 12 नवंबर को पड़ी है, लेकिन पवन सिंह ने कोर्ट को मजाक बना दिया है. 4 साल हो चुके हैं, मुझे न्यायालय पर भरोसा है. मैं आज भी उनके साथ रहना चाहती हूं, अगर यहां से कुछ नहीं होता है तो मैं सुप्रीम कोर्ट जाऊंगी.
वहीं, इस दौरान ज्योति सिंह के वकील ने कहा कि पवन सिंह की ओर से अदालत में एकमुश्त समझौते यानी वन-टाइम सेटलमेंट के लिए एक अर्जी दाखिल की गई है. पवन सिंह ने समझौता करने में दिलचस्पी दिखाई है, लेकिन इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए उन्हें खुद अदालत में पेश होना होगा. ऐसे में अब सभी की निगाहें 12 नवंबर को होने वाली सुनवाई पर टिकी हैं हुई है.
बता दें कि पवन सिंह और ज्योति सिंह अपनी शादी को लेकर हमेशा ही सर्खियों में बने रहते हैं. पवन सिंह और ज्योति सिंह की शादी 6 मार्च 2018 को हुई थी. शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के रिश्तों में खटास आ गई और वह अलग रहने लगे. 2022 में तलाक और भरण पोषण को लेकर कानूनी लड़ाई शुरू हो गई. वहीं, अब देखना होगा कि क्या पवन सिंह अगली तारीख (12 नवंबर 2026) पर कोर्ट पहुंचते हैं या नहीं.
रिपोर्ट: मनोज कुमार चतुर्वेदी