Patna News: शारदीय नवरात्र शुरू होने के साथ ही चारों ओर त्योहरों की धुम मच जाती है. बजारों में भीड़ बढ़ने लगती है और लोग खरीदारी के लिए घरों से बाहर निकलते हैं. ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के लिए बड़ी जिम्मेदारी होती है, ताकि किसी तरह की घटना न हो. खासकर महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस संवेदनशील इलाकों पर नजर रखती है. त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए राजधानी पटना की पुलिस भी पूरी तरह सतर्क है.
एक ही दिन में 1650 वाहनों का कटा चालान
त्योहारों के मौसम में बाजारों में बढ़ती भीड़ के बीच पटना ट्रैफिक पुलिस ने चेकिंग अभियान तेज कर दिया है. एक रिपोर्ट के मुताबिक, एक ही दिन में 1,650 वाहनों का ई-चालान किया गया. इस दौरान कुल 20 लाख 42 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया. यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है.
1,067 मामले बिना हेलमेट के
आंकड़ों के अनुसार, एक दिन में किए गए ई-चालान में 1,067 मामले बिना हेलमेट वाहन चलाने के थे. इसके अलावा, 304 मामले रेड लाइट का उल्लंघन करने और 98 मामले ट्रिपल राइडिंग के सामने आए. इन आंकड़ों से पता चलता है कि कई वाहन चालक अब भी यातायात नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं.
कैमरों से रखी जा रही नजर
वहीं, Integrated Command and Control Center के कैमरों की मदद से भी नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों की पहचान की जा रही है. कैमरों के जरिए यातायात नियमों पर नजर रखी जा रही है और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई की जा रही है. ऐसे में लोगों को चालान से बचने के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए भी यातायात नियमों का पालन करना चाहिए. हेलमेट पहनें, ट्रैफिक सिग्नल का पालन करें और ट्रिपल राइडिंग से बचें, ताकि त्योहारों के दौरान सफर सुरक्षित बना रहे.
रिपोर्ट: विकास चौधरी