)
मुजफ्फरपुर में PNG पाइपलाइन से गैस लीक होने के कारण इलाके में एक बार फिर हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई.यह घटना मिठनपुरा थाना क्षेत्र के रामबाग चकबसु इलाके में हुई, जहां अचानक PNG लीक होने से स्थानीय लोगों के बीच दहशत फैल गई. हालांकि, IOCL की तकनीकी टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर गैस रिसाव को रोक दिया, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली.
सुरक्षा कारणों से पटाखे फोड़ने पर रोक लगा दी गई है. इसी बीच, PNG पाइपलाइन से गैस लीक होने की सूचना मिलने पर SDM आनंद उत्सव, SDPO (टाउन) सुरेश कुमार और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची. तकनीकी टीम ने तुरंत कार्रवाई की और गैस रिसाव को सफलतापूर्वक बंद कर दिया.
बताया जा रहा है कि कि घरों में गैस सप्लाई करने वाले एक कनेक्शन पॉइंट पर अचानक गैस लीक हो गई. गैस लीक होने के बाद, पूरे इलाके में घोषणाएं की गई और लोगों को बार-बार चेतावनी दी गई कि वे पटाखे न जलाएं. सुरक्षा के एहतियात के तौर पर फायर डिपार्टमेंट को भी बुलाया गया था. फिलहाल स्थिति सामान्य हो गई है.
बता दें कि 2 नवंबर को ही मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र के गोबरसाही इलाके में सोमवार को गैस पाइपलाइन में विस्फोट होने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार-पांच लोग घायल हो गए. विस्फोट में नाला निर्माण के लिए खुदाई कर रही जेसीबी मशीन और कई अन्य वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए. धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी और आसपास के लोग घटनास्थल की ओर जुट गए.
गोबरसाही से डुमरी की ओर जाने वाले रास्ते पर नाला निर्माण के लिए जेसीबी से खुदाई की जा रही थी. इसी दौरान जेसीबी से गैस पाइपलाइन टूट गई. पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के बाद गैस का रिसाव शुरू हो गया था. कुछ देर बाद अचानक जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. वही अब, मिठनपुरा इलाके में गैस लीक की एक और घटना से वहां के निवासी दहशत में हैं. फिलहाल मौके पर मरम्मत का काम चल रहा है.
रिपोर्ट: मणितोष कुमार