)
गांधी जयंती के खास मौके पर दरभंगा जिले के लहेरियासराय रेलवे स्टेशन से नमो भारत ट्रेन (Namo Bharat Train) के रुकने की शुरुआत हो गई है. स्थानीय सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर (Dr. Gopal Ji Thakur) ने शुक्रवार सुबह हरी झंडी दिखाकर इस ट्रेन को पटना के लिए रवाना किया. नमो भारत ट्रेन के लहेरियासराय रेलवे स्टेशन पर रुकने से स्थानीय लोगों और यात्रियों में बहुत खुशी का माहौल है. अब उन्हें पटना जाने के लिए परेशानी नहीं उठानी होगी.
मिली जानकारी के अनुसार, यह नमो भारत ट्रेन हर दिन सुबह 6:28 बजे लहेरियासराय स्टेशन पहुंचेगी और सिर्फ दो मिनट रुकने के बाद सुबह 6:30 बजे पटना के लिए रवाना हो जाएगी. नमो भारत ट्रेन के यहां रुकने से आसपास के हजारों यात्रियों को बहुत बड़ी राहत मिलने वाली है. अब पटना आने-जाने वाले लोगों को सड़क मार्ग से बस या टैक्सी का सफर नहीं करना होगा. इसके अलावा उन्हें दरभंगा जंक्शन जाकर ट्रेन पकड़ने का झंझट नहीं होगा. यह सुविधा उन्हें लहेरियासराय रेलवे स्टेशन पर ही मिल गया है. इससे यात्रियों का समय और पैसा दोनों बचेगा.
लहेरियासराय रेलवे स्टेशन को मिली इस सौगात पर स्थानीय सांसद गोपाल जी ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का दिल से आभार जताया है. उन्होंने कहा कि लहेरियासराय स्टेशन पर इस ट्रेन के ठहराव से उन लोगों को सबसे ज्यादा आसानी होगी, जो अक्सर नौकरी, पढ़ाई, इलाज या फिर किसी अन्य जरूरी काम से पटना आते-जाते रहते हैं.
सांसद गोपालजी ठाकुर ने बताया कि इस ट्रेन के चलने से व्यापार और रोजगार से जुड़े लोगों को भी काफी फायदा होने वाला है. रेलवे की इस बेहतरीन पहल से न सिर्फ यात्रियों का सफर आसान होगा, बल्कि दरभंगा और पटना के बीच का जुड़ाव और भी ज्यादा मजबूत हो जाएगा. आम जनता लंबे समय से इस ट्रेन के ठहराव की मांग कर रही थी, जो अब गांधी जयंती पर पूरी हो गई है.