App

मोतिहारी में केसरिया नगर पंचायत अध्यक्ष के पति रिंकू पाठक के 5 ठिकानों पर एक साथ EOU की रेड, आय से 124.81% अधिक संपत्ति का आरोप

मोतिहारी में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने केसरिया नगर पंचायत अध्यक्ष के पति रिंकू पाठक उर्फ रजनीश कुमार पाठक के घर, युवराज गैस एजेंस समेत 5 ठिकानों पर छापेमारी की. रिंकू पाठक की संपत्ति, जमीन की रजिस्ट्री को लेकर कई दावे सामने आए हैं.

मोतिहारी में केसरिया नगर पंचायत अध्यक्ष के पति रिंकू पाठक के 5 ठिकानों पर एक साथ EOU की रेड, आय से 124.81% अधिक संपत्ति का आरोप
Image Credit: मोतिहारी में केसरिया नगर पंचायत अध्यक्ष के पति रिंकू पाठक के ठिकानों पर EOU की रेड (zee media)

बिहार के मोतिहारी में मंगलवार सुबह आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की टीम ने केसरिया नगर पंचायत अध्यक्ष के पति रिंकू पाठक उर्फ रजनीश कुमार पाठक के घर और गैस एजेंसी पर छापेमारी की. मिली जानकारी के अनुसार, आर्थिक अपराध इकाई की टीम चकिया थाना परिसर में जुटी और वहां से पुलिस बल के साथ केसरिया स्थित युवराज गैस एजेंसी और उनके आवास पर पहुंची। रिंकू पाठक केसरिया नगर पंचायत अध्यक्ष के पति हैं.

रिंकू पाठक का पुराना आपराधिक इतिहास

 बताया जाता है कि रिंकू पाठक का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है. वह कुख्यात मुकेश पाठक का करीबी बताया जाता है. उन पर वसूली के आरोप भी लगे थे, जिसके मामले में वह सहरसा जेल जा चुके हैं. बताया जाता है कि वह करीब छह महीने तक जेल में बंद रहे थे. इसके अलावा, मोतिहारी के चर्चित संवेदक रंजीत सिंह हत्याकांड में भी रिंकू पाठक का नाम मुख्य आरोपी के तौर पर सामने आया था. रिंकू पाठक वर्ष 2018 से 2023 तक केसरिया नगर पंचायत अध्यक्ष के पद पर रह चुके हैं. फिलहाल वह वार्ड पार्षद हैं, जबकि उनकी पत्नी नगर पंचायत अध्यक्ष हैं.

100 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति

सूत्रों के अनुसार, करीब दस वर्ष पहले रिंकू पाठक की आर्थिक स्थिति सामान्य थी, लेकिन पिछले दस वर्षों में उनकी और उनके परिवार की संपत्ति में काफी बढ़ोतरी होने का दावा किया जा रहा है. उनके एक करीबी रिश्तेदार के मुताबिक, इस 10 साल में रिंकू पाठक और उनके परिवार के नाम पर जमीन की रजिस्ट्री से जुड़े 139 डीड होने की बात कही जा रही है, जिनकी अनुमानित कीमत 100 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है. जमीन की रजिस्ट्री में राजस्व चोरी को लेकर रिंकू पाठक उर्फ रजनीश कुमार पाठक के नाम पर नोटिस आने की बात भी सामने आई है. इसके अलावा, परिवार के नाम पर केसरिया में मार्केट, गैस एजेंसी और करीब एक दर्जन गाड़ियां होने का दावा किया जा रहा है.

जांच में जुटी EOU टीम

आरोप है कि रिंकू पाठक के परिवार के नाम पर मोतिहारी, पटना, दिल्ली और देहरादून समेत अन्य स्थानों पर भी जमीन और मकान हैं. उनके करीबी रिश्तेदार के मुताबिक, रिंकू पाठक का कथित तौर पर रजनीश सर्राफ के साथ सोने का कारोबार भी है. आर्थिक अपराध इकाई की तरफ से अभी कोई जानकारी साझा नहीं किया गया है फिलहाल छापामारी जारी है. आर्थिक अपराध इकाई की जांच जब पूरी होगी तभी सच सामने आ सकेगा कि क्या यह संपत्ति रिंकू पाठक या उसके परिवार के नाम पर है.

रिपोर्ट: पंकज कुमार

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rupak Kumar

Rupak Kumar

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More