App

एक राजनीति ऐसी भी! दरभंगा MLC चुनाव में आरजेडी की जीत, हार भूलकर बीजेपी के सर्वेश कुमार ने अनिल झा को लगाया गले

दरभंगा MLC चुनाव में आरजेडी के अनिल झा को जीत मिली है. वहीं, उनकी जीत पर बीजेपी के सर्वेश कुमार ने उन्हें गले लगकर बधाई दी और कहा कि कुछ मत हमको कम पड़े, लेकिन मैं खुश हूं कि अनिल जी जैसे प्रतिबद्ध सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ता की जीत हुई है.

एक राजनीति ऐसी भी! दरभंगा MLC चुनाव में आरजेडी की जीत, हार भूलकर बीजेपी के सर्वेश कुमार ने अनिल झा को लगाया गले
Image Credit: राजद के अनिल झा को भाजपा के सर्वेश कुमार ने गले लगाकर दी बधाई (वीडियो ग्रैब)

राजनीति में अक्सर तीखी बयानबाजी, आरोप-प्रत्यारोप और चुनावी प्रतिद्वंद्विता देखने को मिलती है, लेकिन बिहार विधान परिषद के दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव परिणाम ने लोकतंत्र की एक सुखद तस्वीर पेश की है. चुनाव में हार-जीत के फैसले के बाद प्रतिद्वंद्विता को पीछे छोड़कर दोनों नेताओं ने जिस तरह एक-दूसरे के प्रति सम्मान प्रकट किया, उसने इस दौर में राजनीतिक शुचिता और लोकतांत्रिक मूल्यों की मिसाल पेश की है.

राजद को मिली जीत

दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में लंबे इंतजार के बाद आए परिणाम में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के उम्मीदवार अनिल झा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार और निवर्तमान विधान पार्षद सर्वेश कुमार को शिकस्त देकर जीत हासिल की. चुनाव के दौरान दोनों नेता एक-दूसरे के सामने थे, लेकिन नतीजे आने के बाद उनके बीच का सौहार्द चर्चा का विषय बन गया.

सर्वेश कुमार ने अनिल झा को दी बधाई

चुनाव परिणाम आने के बाद सर्वेश कुमार ने अनिल झा को जीत की बधाई दी और उन्हें गले लगाकर उनकी सराहना की. वहीं, अनिल झा ने भी विनम्रता के साथ हाथ जोड़कर उनकी बधाई स्वीकार की. दोनों नेताओं के इस व्यवहार की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. लोग इसे स्वस्थ राजनीति और लोकतांत्रिक परंपराओं के सम्मान से जोड़कर देख रहे हैं.

चुनाव में हार के बाद सर्वेश कुमार की प्रतिक्रिया भी चर्चा में है. उन्होंने अनिल झा की जीत पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि लंबे समय से एक प्रतिबद्ध और संवेदनशील राजनीतिक कार्यकर्ता के रूप में उन्हें सभी लोगों का सहयोग मिलता रहा है. उन्होंने कहा कि कुछ मत हमको कम पड़े, लेकिन मैं खुश हूं कि अनिल जी जैसे प्रतिबद्ध सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ता की जीत हुई है.

सर्वेश कुमार के इस बयान को चुनावी प्रतिस्पर्धा के बीच राजनीतिक परिपक्वता के उदाहरण के तौर पर देखा जा रहा है. आम तौर पर चुनाव परिणाम आने के बाद राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो जाता है, लेकिन यहां हारने वाले उम्मीदवार ने विजेता की खुले दिल से सराहना की. दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का यह दृश्य बताता है कि लोकतंत्र में विचारों और राजनीतिक दलों के बीच मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन व्यक्तिगत सम्मान और आपसी सौहार्द को उनसे ऊपर रखा जा सकता है.

-आईएएनएस

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More