)
दानापुर के मनेर थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगा नदी के किनारे सिरपुर इलाके में आज सुबह-सुबह (6 नवंबर) पुलिस और एसटीएफ (STF) की एक संयुक्त टीम और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई. इस गोलीबारी में तीन कुख्यात अपराधी मौके पर ही ढेर हो गए, जबकि कई अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे. इस मुठभेड़ के दौरान थाना अध्यक्ष रजनीश कुमार के हाथ में भी गोली लगने की सूचना है.
पुलिस को खुफिया जानकारी मिली थी कि गंगा नदी के दियारे और तटीय इलाके में आधा दर्जन से अधिक अपराधियों का एक गिरोह किसी बड़ी आपराधिक साजिश को अंजाम देने के लिए इकट्ठा हुआ है. इस इनपुट को गंभीरता से लेते हुए एसटीएफ और मनेर थाना पुलिस की एक संयुक्त टीम ने तुरंत एक्शन लेते हुए सिरपुर के पास घेराबंदी अभियान शुरू किया. इसी दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. अचानक हुई गोलीबारी में मनेर थानाध्यक्ष के हाथ में गोली लग गई. इसके बाद पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की. दोनों ओर से करीब 40 से अधिक राउंड गोलियां चलीं.
पटना एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा के अनुसार, पुलिस की ओर से 18 राउंड और अपराधियों की ओर से लगभग 24 से 25 राउंड फायरिंग की गई. इस मुठभेड़ में तीन अपराधियों की मौत हो गई. घटनास्थल से दो पिस्टल, एक देसी कट्टा और गोलियां बरामद की गई हैं. वहीं, अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ अन्य अपराधी भागने में सफल रहे.
एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि अपराधियों का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है. हाल ही में मनेर में अष्टमी के दिन हुई हत्या की घटना में भी इनकी संलिप्तता सामने आई थी. तीनों उस हत्याकांड में वांछित थे. इसके अलावा दानापुर और शाहपुर समेत अन्य थानों में भी इनके खिलाफ मामले दर्ज थे. अधिकारी ने कहा कि घटना के बाद इलाके में पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है. फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. मुठभेड़ के बाद पुलिस के वरीय अधिकारियों ने घटनास्थल की जांच और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. (इनपुट- IANS)
रिपोर्ट: इश्तेयाक खान