App

चक्रवाती तूफान 'अर्नब' ले रहा विकराल रूप! बिहार में भारी बारिश का अलर्ट

बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान अर्नब अब विकराल रूप ले रहा है. कई राज्यों में बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है. इसी बारिश की चपेट में बिहार भी है. मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है. देखें वेदर अपडेट-

चक्रवाती तूफान 'अर्नब' ले रहा विकराल रूप! बिहार में भारी बारिश का अलर्ट
Image Credit: बिहार वेदर अपडेट (AI IMAGE)

बिहार में चक्रवाती तूफान 'अर्नब' का असर साफ तौर पर देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग के अपडेट के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में सक्रिय भीषण चक्रवाती तूफान अर्नब आंध्र प्रदेश और यनम के तटों को पार कर रहा है, जिसके प्रभाव से बिहार के कई जिलों में बारिश, तेज हवाओं और तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर शुरू हो गया है. आज 28 अक्टूबर के मौसम अपडेट की बात करें तो, चक्रवात के प्रभाव के कारण पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, जहानाबाद, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया के कुछ स्थानों पर बारिश होने के आसार है.

आने वाले दिनों में चक्रवात और तीव्र होगा

इसके साथ ही, इन इलाकों में मेघगर्जन और वज्रपात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने को लेकर येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. उत्तर पश्चिम, उत्तर मध्य और उत्तर पूर्व बिहार के अधिकांश क्षेत्रों में भी हल्की बारिश की संभावना है. आने वाले दिनों के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, चक्रवात का असर और अधिक तीव्र होने वाला है. 29 और 30 अक्टूबर को बिहार के अधिकांश स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है.

इस दिन के लिए भी अलर्ट

मौसम विभाग ने विशेष चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि 29 अक्टूबर को कैमूर, गया, नवादा और रोहतास जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. वहीं, 30 अक्टूबर को स्थिति और गंभीर हो सकती है, क्योंकि कैमूर, गोपालगंज, रोहतास, सिवान और पश्चिमी चंपारण जिलों में कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश (Very Heavy Rainfall) होने की संभावना है. इसके अलावा, 30 अक्टूबर को ही अरवल, गया, जहानाबाद, मुजफ्फरपुर, पटना, सहरसा, सीतामढ़ी और वैशाली जिलों में भी भारी बारिश का अनुमान जताया गया है.

कैसा रहेगा तापमान का हाल

बारिश का यह सिलसिला अक्टूबर के अंत यानी 31 अक्टूबर तक जारी रहने वाला है. पूर्वी चंपारण, मधुबनी, सीतामढ़ी, सुपौल और पश्चिमी चंपारण जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है.1 नवंबर के बाद मौसम में बदलाव संभवन है. वहीं, राज्य में तापमान की बात करें तो चक्रवात के कारण और लगातार बारिश के बाद अगले 3 दिनों के दौरान राज्य के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखने को मिल सकती है. राज्य में ठंड की बात करें, तो बारिश और तेज हवाओं के कारण सुबह और शाम के समय ठंडक का एहसास होगा. मौसम विभाग ने लोगों से इस दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More