App

होटल मालिक को पहले पीटा, फिर पीठ में मार दी 3 गोली, समस्तीपुर में बेखौफ अपराधियों का तांडव

समस्तीपुर में बेखौफ अपराधियों का तांडव देखने को मिला. यहां पर बदमाशों ने सो रहे एक होटल संचालक को पीटने के बाद उसे तीन गोली मार दी. घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

होटल मालिक को पहले पीटा, फिर पीठ में मार दी 3 गोली, समस्तीपुर में बेखौफ अपराधियों का तांडव
Image Credit: समस्तीपुर में बेखौफ अपराधियों ने होटल संचालक को मारी तीन गोली (Z News)

समस्तीपुर में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं, वे बेखौफ होकर आपराधिक घटना को अंजाम दे रहे हैं. ताजा मामला जिले के सरायरंजन थाना क्षेत्र का है, जहां देर रात तीन नकाबपोश अपराधियों ने होटल में सो रहे संचालक पर हमला कर दिया. पहले संचालक की बेरहमी से पिटाई की, फिर उसकी पीठ में तीन गोली मारकर फरार हो गए. पूरा घटनाक्रम घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया.

सरायरंजन थाना क्षेत्र की घटना

जानकारी के अनुसार, यह घटना सरायरंजन थाना क्षेत्र के रायपुर किशनपुर स्थित एसएच-88 पर पेट्रोल पंप के समीप की है, जहां देर रात करीब एक बजे तीन अपराधी पहुंचे. उस समय एक युवक सो रहा था. अपराधियों ने पहले उसे उठाकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया. इस दौरान पास में सो रहे दो अन्य लोग भी जाग गए. अपराधियों ने उन दोनों पर पिस्टल तान दी. हथियार देखकर दोनों मौके से भाग निकले.

अपराधियों ने संचालक की पीठ में गोली मार दी

इसके बाद अपराधियों ने संचालक की पीठ में गोली मार दी और वहां से फरार हो गए. गोली लगने से संचालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया. आसपास के लोगों ने उसे इलाज के लिए स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जिसके बाद उसे पटना रेफर कर दिया गया.

घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस

जख्मी की पहचान बनवीरा गांव निवासी विशेश्वर राय के पुत्र अभिनंदन कुमार के रूप में हुई है. वह पेट्रोल पंप के समीप ही अपना एक निजी होटल चलाता है. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई. सीसीटीवी फुटेज में तीन अपराधियों की गतिविधियां कैद हुई हैं. पुलिस फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है.

पुलिस की टीम गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही

घटना के संबंध में सदर एसडीपीओ सतीश सुमन का बताना है कि पुलिस को करीब 2:00 बजे रात्रि में सूचना मिली कि एसएच-88 विशनपुर यूसुप में एक होटल संचालक को चार लोगों ने पहले पीटा और उस पर तीन गोली मार दी है. पुलिस ने त्वरित घटनास्थल का निरीक्षण किया. घटना में जो चार आरोपी हैं, उनकी पहचान कर ली गई है. पुलिस की टीम गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. घटनास्थल से एफएसएल की टीम की तरफ से तकनीकी सबूत भी एकत्रित किए गए हैं.

रिपोर्ट: मनटुन रॉय

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More