जिस उम्र में एक बच्चा अपने परिवार की गोद में खेलता है, उसे रिश्तों का मतलब तक मालूम नहीं होता. वह नहीं जानता कि कौन अपना है और कौन पराया. उसे तो बस अपनों का प्यार चाहिए. लेकिन पटना के जीतन छपरा गांव से सामने आई यह घटना इंसानियत को झकझोर देने वाली है. महज डेढ़ साल के मासूम मनीष की हत्या का आरोप उसी के बड़े भाई अजीत कुमार उर्फ बाला पर लगा है. मिली जानकारी के अनुसार दोनों सगे भाई थे. जिस बड़े भाई से मासूम को स्नेह मिलना चाहिए था, उसी पर उसकी जान लेने का आरोप है. घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.
पूरी घटना पटना जिले के पालीगंज अनुमंडल के रानीतालाब थाना क्षेत्र स्थित जीतन छपरा गांव की है. यहां डेढ़ साल के मासूम मनीष की मौत ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया है. ग्रामीणों के मुताबिक, मनीष का बड़ा भाई अजीत कुमार उर्फ बाला उसे घर से करीब 200 मीटर दूर स्थित दुर्गा मंदिर ले गया था. आरोप है कि मंदिर में ही उसने मासूम की गर्दन काटकर हत्या कर दी और सिर को धड़ से अलग कर दिया. ग्रामीणों के अनुसार, इसके बाद आरोपी बच्चे का धड़ उठाकर घर भी ले आया, जबकि उसका सिर मंदिर में मिला.
जब इस घटना की जानकारी ग्रामीणों को हुई, तो इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. मासूम के माता-पिता पर क्या बीत रही होगी, इसका अंदाजा लगाना भी मुश्किल है. जिस बच्चे की किलकारियों से घर गूंजता होगा, उसकी मौत ने परिवार की दुनिया उजाड़ दी. ग्रामीणों के मुताबिक, आरोपी अजीत पिछले कई महीनों से नशे का आदी बताया जाता था. हालांकि, नशे की लत और इस वारदात के बीच कोई संबंध है या नहीं, यह जांच का विषय है. फिलहाल हत्या के पीछे की असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है.
पुलिस ने आरोपी अजीत को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार, घटना में इस्तेमाल हथियार भी बरामद किया गया है. पालीगंज डीएसपी-2 पंकज शर्मा के मुताबिक, स्थानीय लोगों से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. एफएसएल टीम भी घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने में लगी है. डेढ़ साल का मनीष शायद अभी रिश्तों की पहचान करना भी नहीं जानता था. उसे क्या पता था कि जिस परिवार में वह पल रहा है, उसी परिवार के एक सदस्य पर उसकी हत्या का आरोप लगेगा. फिलहाल, पुलिस इस खौफनाक वारदात की वजह तलाश रही है. जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि आखिर इस मासूम की जान क्यों गई.