App

बिहार में खूनी संघर्ष: दरभंगा में चचेरे भाई ने घर में घुसकर की काशी ठाकुर की हत्या, पटना में भी एक को मारी गोली

बिहार से सनसनीखेज वारदात सामने आई है. दरभंगा में चचेरे भाई ने घर में घुसकर काशी ठाकुर को मौत के घाट उतार दिया. वहीं, पटना में भी एक को गोली मारने की खबर सामने आई है.

बिहार में खूनी संघर्ष: दरभंगा में चचेरे भाई ने घर में घुसकर की काशी ठाकुर की हत्या, पटना में भी एक को मारी गोली
Image Credit: बिहार क्राइम न्यूज (जी मीडिया)

दरभंगा जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. एक व्यक्ति ने अपने ही भाई की हत्या कर दी है. पारिवारिक रिश्तों को शर्मसार करने वाली यह घटना कल रात बिरौल थाना क्षेत्र के पादरी गांव में हुई. एक चचेरे भाई ने घर में घुसकर काशी ठाकुर की गोली मारकर हत्या कर दी. देर शाम हुई इस घटना से पूरे गांव में दहशत फैल गई है. मिली जानकारी के अनुसार, काशी ठाकुर अपने घर पर बैठे थे, तभी उनका चचेरा भाई कुमोद ठाकुर वहां आया और लगातार तीन गोलियां चलाईं. बताया जा रहा है कि एक गोली उनके माथे पर, दूसरी छाती पर और तीसरी शरीर के किसी अन्य हिस्से में लगी.

इस दौरान काशी ठाकुर की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कुमोद ठाकुर मोटरसाइकिल से फरार होने लगा. लेकिन तेज रफ्तार में भागने के दौरान करीब दो किलोमीटर आगे उसने एक व्यक्ति को धक्का मार दिया. इसके बाद ग्रामीणों ने उसे घेर लिया. आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी की जमकर पिटाई की और उसे पकड़कर बांध दिया. वहीं, घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी प्रभाकर तिवारी और बिरौल थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है. गांव में तनाव और सनसनी का माहौल है. हत्या के पीछे की वजह क्या थी, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है. पुलिस की जांच के बाद ही वारदात के कारणों और घटनाक्रम की पूरी तस्वीर सामने आएगी.

पटना में ढाबा संचालक को मारी गोली

पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र में स्थित हसनचक गांव में अपराधियों ने एक ढाबा मालिक के भाई की छाती में गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद, उसे पटना रेफर कर दिया गया है. घायल युवक के भाई मिथिलेश कुमार ने बताया कि वह किराए की जगह पर एक ढाबा चलाता है. उसके ही गांव का एक अपराधी उससे बार-बार रंगदारी की मांग करके उसे परेशान कर रहा था और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दे रहा था.

दिवाली के दिन जब उसका भाई बिजली का टोका लगाने के लिए पास के ट्रांसफार्मर पर गया, तो कुछ अपराधियों ने उसे गोली मार दी. घायल व्यक्ति, प्रमोद कुमार, मोकीमपुर गांव का रहने वाला है. हमलावर अमन कुमार भी उसी गांव का रहने वाला है. घटना की सूचना मिलने पर, SDPO-1 रामकृष्ण मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है. इस मामले को लेकर बाढ़ SHO पूर्णेंदु कुमार ने बताया कि जमीन को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति को गोली लग गई. फिलहाल, मामले की जांच चल रही है.

दरभंगा से मुकेश कुमार और पटना से प्रिंस कुमार कुशवाहा की रिपोर्ट

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More