)
Durga Puja 2026: आज (11 अक्टूबर, 2026) से दुर्गा पूजा की शुरुआत हो गई है. इसी क्रम में बिहार में दुर्गा पूजा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस मुख्यालय ने एक बड़ा फैसला लिया है. त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था मजबूत रखने के लिए सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं.
10 से 24 अक्टूबर तक सभी छुट्टियां बंद
प्रशासन ने त्योहार के देखते हुए अपनी कमर कस ली है. बिहार पुलिस मुख्यालय (विधि-व्यवस्था प्रभाग) की ओर से जारी आदेश के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 से 24 अक्टूबर 2026 तक सभी प्रकार के अवकाश (विशेष परिस्थितियों को छोड़कर) पूरी तरह बंद रहेंगे. यह आदेश विशेष रूप से दुर्गा पूजा 2026 के त्योहारी सीजन के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने और शांति बनाए रखने के लिए दिया गया है.
सभी जिलों के एसएसपी और एसपी को भेजा गया पत्र
इस संबंध में बिहार पुलिस मुख्यालय की तरफ से सभी क्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक (IG), पुलिस उप-महानिरीक्षक (DIG), और सभी जिलों के वरीय पुलिस अधीक्षकों (SSP) व पुलिस अधीक्षकों (SP) को पत्र भेज दिया गया है.
क्यूआरटी (QRT) गठित करने का निर्देश
मुख्यालय के निर्देश के अनुसार, सभी जिलों के वरिष्ठ अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि कार्यालयों में तैनात सभी अधिकारियों और कर्मियों की क्यूआरटी (QRT - क्विक रिस्पांस टीम) का गठन किया जाए. दुर्गा पूजा के दौरान यह टीम सुरक्षा और विधि-व्यवस्था की ड्यूटी को पूरी मुस्तैदी से संभालेगी. इस आदेश पर पुलिस महानिदेशक (DGP) की मंजूरी मिल चुकी है.