)
बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर मतदान आज (23 अक्टूबर, 2026) सुबह 8 बजे से जारी है. इसी बीच पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र अंतर्गत मोकामा में अनंत समर्थक और नीरज समर्थकों के बीच धक्का-मुक्की होने का मामला सामने आया है. इस दौरान वहां माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया. एसडीपीओ रामकृष्ण तुरंत मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत कराया. मिली जानकारी के अनुसार, पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है.
बता दें कि मोकामा प्रखंड कार्यालय के पास जनसुराज प्रत्याशी डॉ. अनुज और एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार के समर्थकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया. दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और धक्का-मुक्की होने लगी. इस दौरान पुलिस टीम ने तत्काल मोर्चा संभाला और के से कुछ लोगों को खदेड़ा. साथ ही, पांच लोगों को हिरासत में भी ले लिया. फिलहाल, क्षेत्र में पुलिस बल बढ़ा दिया गया है.
मिली जानकारी के अनुसार, मोकामा के प्रखंड स्थित बूथ के पास दोनों पक्ष एक दूसरे पर वोट देने से रोकने का आरोप लगाने लगे और फिर विवाद हो गया. देखते ही देखते वहां माहौल तनावपूर्ण हो गया. इसकी जानकारी डीएसपी राम कृष्ण को मिली, तो वो मौके पर पहुंचे और अनंत सिंह के समर्थक विपिन सिंह समेत 5 अन्य को हिरासत में ले लिया.
पुलिस विवाद के कारण का पता करने में जुटी है. फिलहाल स्थिति शांतिपूर्ण बनी है. बता दें कि पटना स्नातक सीट इस चुनाव की सबसे चर्चित सीट है, क्योंकि जेडीयू से मोकामा विधायक अनंत सिंह अपनी पार्टी के प्रत्याशी नीरज कुमार के बजाय जन सुराज के अनुज सिंह का खुला समर्थन कर रहे हैं. ऐसे में यहां तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है. एक तरफ नीरज कुमार अपनी जीत का दावा कर रहे हैं, तो दूसरी ओर मोकामा विधायक अनंत सिंह का कहना है कि अनुज कुमार को जीत मिलेगी.
वहीं, इस सीट से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने दिलीप सिंह को चुनावी मैदान में उतारा है. सभी की निगाहें फिलहाल पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र पर टिकीं हुई है.