App

बिहार क्राइमः छपरा में हुई चाकूबाजी में 3 की मौत, सिवान में बदमाशों ने 2 दोस्तों को मारी गोली

सारण जिले के एकमा थाना क्षेत्र के परसा परसागढ़ गांव में हुई चाकूबाजी में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है. सिवान में बीती रात बेखौफ अपराधियों ने 2 दोस्तों को गोली मारकर घायल कर दिया. दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है.

बिहार क्राइमः छपरा में हुई चाकूबाजी में 3 की मौत, सिवान में बदमाशों ने 2 दोस्तों को मारी गोली
Image Credit: सिवान में बदमाशों ने 2 दोस्तों को मारी गोली (Zee Media)

बिहार में आज (रविवार, 4 सितंबर) को कई जिलों से कई बड़ी आपराधिक घटनाएं सामने आईं. इसी कड़ी में सारण जिले के एकमा थाना क्षेत्र के परसा परसागढ़ गांव में आपसी विवाद के बाद चाकूबाजी की घटना सामने आई है. घटना में चार लोगों के घायल होने की सूचना है. इनमें से तीन लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि एक घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है. मृतकों की पहचान छपरा काशी बाजार निवासी अंकुर पटेल उर्फ धोनी, जिरतपुर पचुआ निवासी मुकेश कुमार और रमेश यादव के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि तीनों को गंभीर हालत में इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल लाया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. वहीं, घटना में घायल विवेक कुमार की स्थिति गंभीर बताई जा रही है. प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे पटना रेफर किए जाने की जानकारी है.

चाकूबाजी की पूरी वजह स्पष्ट नहीं

बताया जा रहा है कि किसी विवाद को लेकर मामला शुरू हुआ और देखते ही देखते चाकूबाजी की घटना हो गई. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. फिलहाल, घटना के वास्तविक कारण और चाकूबाजी की पूरी वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटना से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है. ऐसे में घटना से जुड़ी अन्य जानकारियों और मौतों की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है. एकमा अंचल के डीएसपी प्रेमचन्द्र सिंह ने दूरभाष पर बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है.

सिवान में दो दोस्तों को मारी गई गोली

उधर, सिवान में बीती रात बेखौफ अपराधियों ने 2 दोस्तों को गोली मारकर घायल कर दिया. गोली लगने से सिद्धांत सोनी और राहुल कुमार पांडेय दोनों घायल हो गए. दोनों घायलों को सदर अस्पताल से पटना रेफर किया गया है. घटना रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर बाजार की है. बताया जा रहा है कि दोनों युवक बाजार से बाइक पर बैठ कर अपने घर लौट रहे थे. तभी पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाते हुए गोली चला दी. इस दौरान सिद्धांत सोनी ने गोली को हाथ से रोकने की कोशिश की तो गोली उनके हाथ को चीरते हुए पीछे बैठे उनके दोस्त राहुल कुमार पांडेय के सीने में जा लगी.

अस्पताल में चल रहा दोनों का इलाज

घटना के बाद दोनों युवकों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया. वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही रघुनाथपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी. फिलहाल, पुलिस गोलीबारी की वजह और वारदात में शामिल अपराधियों की पहचान करने में जुटी है.

छपरा से राकेश सिंह और सिवान से अमित सिंह की रिपोर्ट

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author