App

JDU से निष्कासित अनंत सिंह को एक और बड़ा झटका, पत्नी नीलम देवी से छीना गया राज्यमंत्री का दर्जा

जेडीयू ने मोकामा विधायक अनंत सिंह और उनकी पत्नी को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है. वहीं, अब एक बार फिर अनंत सिंह को बड़ा झटका लगा है. उनकी पत्नी नीलम देवी को 20-सूत्रीय समिति के सदस्य के पद से भी हटा दिया गया है.

JDU से निष्कासित अनंत सिंह को एक और बड़ा झटका, पत्नी नीलम देवी से छीना गया राज्यमंत्री का दर्जा
Image Credit: JDU से निष्कासित नेता अनंत सिंह को एक और बड़ा झटका (फाइल फोटो)

JDU से निकाले गए अनंत सिंह को एक और बड़ा झटका लगा है. उनकी पत्नी नीलम देवी को '20-सूत्रीय समिति' (20-Point Committee) के सदस्य के पद से हटा दिया गया है. इसके साथ ही, नीलम देवी के पास मौजूद 'राज्य मंत्री' (Minister of State) का दर्जा भी वापस ले लिया गया है. अनंत सिंह के परिवार के खिलाफ की गई इस कार्रवाई से बिहार की राजनीति में हलचल मच गई है. बता दें कि इससे पहले जेडीयू ने शनिवार (24 अक्टूबर, 2026) अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी को दलविरोधी गतिविधियों के आरोप में 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया था.

पार्टी से निकाले जानें पर क्या बोले अनंत सिंह?

वहीं, पार्टी से निष्कासित किए जाने पर अनंत सिंह ने रविवार को प्रतिक्रिया दी थी. उन्होंने कहा था कि हमको कोई गम नहीं है, जनता हमारी मालिक और भगवान है. पार्टी की ओर से जो कार्रवाई की गई है, वह बढ़िया है. इससे हमें कोई दिक्कत नहीं है. पार्टी नीतीश कुमार की थी, अब नीतीश कुमार खुद ही पार्टी में नहीं हैं. क्या वे पार्टी में हैं? हमारा कहना है कि पार्टी से निकाल दें. पार्टी नीतीश कुमार की थी, वे अब खत्म हो गए तो पार्टी की खत्म हो गई.

अनंत सिंह ने कहा कि जदयू को 10 सीट भी जीतने में बड़ी चुनौती होगी. हमें नहीं पता है कि हमारे खिलाफ कार्रवाई किसने करवाई है, जो पार्टी का मालिक होगा, वहीं कार्रवाई किया होगा. हम किसी पार्टी में नहीं जाएंगे और अपनी पार्टी बनाएंगे. हमारी विधायकी पर भी कार्रवाई को लेकर हमको कोई दिक्कत नहीं है. हम जहां रहते हैं, वहीं रहते हैं. हम पार्टी के पास टिकट लेने नहीं गए थे, बल्कि पार्टी ने हमको बुलाकर टिकट दिया था. अब पार्टी में कुछ नहीं बचा है.

अनंत सिंह ने आगे कहा कि हम जदयू का भविष्य देख रहे हैं कि वो अब खत्म है. जो मंत्री बने बैठे हैं, चुनाव में उनको पता चल जाएगा. नीतीश कुमार से हमारी कोई दूरी नहीं है, हम उनसे मुलाकात करेंगे. उनसे मिलने में हमको कोई दिक्कत नहीं है. उन्होंने कहा कि निशांत अभी क्या हैं? जनता को हमारी ओर से बधाई और उसको जिंदाबाद. जनता भगवान और मालिक है, जो जैसा करेगा उसको जनता जवाब देगी. हमारी गलती होगी तो जनता हमको जवाब देगी और पार्टी गलत होगी तो पार्टी को जवाब देगी.

अनंत सिंह ने कहा कि नीरज कुमार ने पार्टी को क्या दे दिया है, यह पार्टी जानें. हमारी कोई चिंता न करे. नीतीश कुमार की हम कभी बुराई नहीं करेंगे, चाहे किसी पार्टी में जाएं या कहीं भी रहें.

इनपुट: आईएएनएस

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More