)
जेडीयू विधायक अनंत सिंह के '9 लोगों की हत्या करवाई' वाले दावे बयान पर राजनीतिक घमासान मच गया है. केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अगर वे दावा करते हैं कि उन्होंने नीतीश कुमार का समर्थन करने के लिए कई हत्याएं की हैं, तो उन्होंने गलत किया है. किसी का समर्थन अच्छे काम करके करना चाहिए, न कि गलत काम करके.. ऐसे कामों को अच्छा नहीं कहा जा सकता. हमने मांग की है कि इस मामले की जांच हो और उचित कार्रवाई की जाए. जब उनसे पूछा गया कि इस बयान का JD(U) पर क्या असर पड़ सकता है, तो मांझी ने कहा कि इसका कोई असर नहीं पड़ेगा. उन्होंने आगे कहा कि JD(U) और NDA, दोनों के उम्मीदवार जीतेंगे.
अनंत सिंह के बयान पर क्या बोले संजय कुमार झा?
वहीं, अनंत सिंह के बाय पर JDU के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा कि उनका बयान आया है और उसके बाद सफाई भी उस पर उनका आया है. सारी चीज प्रदेश पार्टी के संज्ञान में है. इतना मैं जरूर कह सकता हूं कि पटना में दोनों कैंडिडेट हमारे बड़े मार्जिन से जीतेंगे और जो विषय आपने कहा है वो पार्टी के संज्ञान में है.
क्या बोले JDU नेता राजीव रंजन?
JDU नेता राजीव रंजन ने जदयू विधायक अनंत सिंह के बयान पर कहा- सार्वजनिक जीवन में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिश कुमार के जो 50 वर्ष हैं, देश में शायद ही किसी नेता को यह सम्मान हासिल होता है. उन्होंने कठोर निर्णय लिए. सार्वजनिक जीवन में सुचिता को लेकर, राजनीति और अपराध को लेकर उन्होंने हर समय दो टूक राय रखी. उनके जीवन को एक प्रेरणास्रोत का जीवन माना जाता रहा है इसलिए कौन क्या कहता है, कैसी बातें करता है; पार्टी न तो उनका संज्ञान लेती है और न ही जवाब देना सही समझती है. मैं इतना जरूर कहूंगा कि हत्या, अपराध और हिंसा की बात तो छोड़ दीजिए, नकारात्मक राजनीति को भी नीतिश कुमार जी ने पूरे जीवन में कभी पास नहीं रहने दिया. पार्टी नेतृत्व के संज्ञान में सभी बातें रहती हैं और नेतृत्व समय के मुताबिक उचित निर्णय लेता है.'
'हम पार्टी में नीतीश कुमार की वजह से हैं'
बता दें कि बीते दिन अनंत सिंह एक बयान ने हड़कंप मचा दिया. पहले उन्होंने अपने बयान में कहा कि मेरे जितने बलिदान किसने दिए हैं, उस समय नीतीश कुमार कुछ भी नहीं थे, वे यहां-वहां घूमा करते थे. उस दौर में, नीतीश कुमार के साथ रहते हुए मैंने 9 लोगों की हत्या करवाई थी. इसके बाद उन्होंने अपने बयान पर सफाई देते हुए कहा कि लोगों ने मेरे बयान को गलत समझ लिया है. मैं कहना चाहता था कि जब मैं नीतीश कुमार की पार्टी में शामिल हुआ, तो लालू यादव ने मेरे नौ लोगों की हत्या करवा दी. हम पार्टी से नाराज नहीं हैं. हम पार्टी के साथ ही हैं. अगर पार्टी हमसे नाराज है, तो हम पहले ही कह चुके हैं कि हमें न मरने का डर है और न ही जीने की खुशी. हमें कोई दिक्कत नहीं है. हम पार्टी में नीतीश कुमार की वजह से हैं.