मोकामा विधायक अनंत सिंह के जेडीयू से 6 साल के निष्कासन के बाद बाढ़ जेडीयू जिलाध्यक्ष मयंक राज पर भी गाज गिरी है. मयंक को पदमुक्त करने के साथ ही बाढ़ जिला संगठन को भी भंग कर दिया गया है. जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कार्य में लगातार शिथिलता का आरोप लगाकर कार्रवाई की है. हाल ही में अगवानपुर में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार की चुनावी सभा में भी वे नहीं पहुंचे थे. उन्होंने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए कार्यक्रम से दूरी की वजह बताई थी. वे जेडीयू में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के करीबी रहे हैं. बाढ़ अनुमंडल में ही अनंत सिंह का मोकामा विधानसभा क्षेत्र भी आता है.

वहीं, JDU के एक्शन पर मयंक राज ने कहा कि हम पूछना चाहते हैं कि मेरा गुनाह क्या था? क्या नीरज जी के लिए हम वोट, स्नातक में घूम-घूम, गांव-गांव घूम के वोट बनाना मेरा गुनाह था? तबीयत खराब होना मेरा गुनाह है? नीरज जी से हम पूछना चाहते हैं कि इसका जवाब आके दें कि मेरा गुनाह क्या है? एक जगह भी मेरा पार्टी विरोधी कोई बर्ताव हो, घूमना हो, कुछ भी हो.
आपको क्या लगता है कि जो निर्णय लिया गया, वो आपके हिसाब से ठीक नहीं है? इस सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि गलत है एकदम, पूरा 100% गलत है. निशांत जी भगवानपुर आए थे. मेरी तबीयत ठीक न होने के बावजूद, मैंने सभी को कई फोन किए और उनसे आने का आग्रह किया, जो कुछ भी जरूरी था, मैंने वह सब किया.
उन्होंने आगे कहा कि जहां तक नीरज जी की बात है, वे पूरे संगठन को अपनी मर्जी से चलाना चाहते हैं. वे नए जिला अध्यक्ष, नए ब्लॉक अध्यक्ष या यूं कहें कि पंचायत अध्यक्ष नियुक्त करते हैं और हर जगह से ऐसे लोगों को ले आते हैं जो बस उनकी तारीफ करते रहें, जबकि साथ ही वे दूसरों के खिलाफ शिकायतें भी दर्ज कराते रहते हैं. यह उनका अपना निजी तरीका है. मैं लगातार पूछ रहा हूं और इसीलिए पूछ रहा हूं कि वे मुझे बताएं, आखिर मेरी गलती क्या है.
इनपुट: चंदन राय