App

बिहार में MLC चुनाव से पहले पुलिस का एक्शन, पटना में कार से मिले 9 लाख कैश, कटिहार में स्मैक और वैशाली से विदेशी शराब बरामद

वैशाली में पुलिस ने कंबल गोदाम से 210 कार्टन विदेशी शराब बरामद किया है. वहीं, करीब 30 लाख रुपए का 308.97 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर धर दबोचे गए हैं. पुलिस ने यह कार्रवाई बिहार विधान परिषद के चुनाव से एक दिन पहले की है. पटना में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान कार से 9 लाख रुपए बरामद किए.

बिहार में MLC चुनाव से पहले पुलिस का एक्शन, पटना में कार से मिले 9 लाख कैश, कटिहार में स्मैक और वैशाली से विदेशी शराब बरामद
Image Credit: पटना से लेकर वैशाली और कटिहार तक पुलिस का एक्शन (Photo-AI)

बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर चुनाव के लिए वोटिंग से पहले गुरुवार को राज्य में नशे के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने कटिहार में करीब 30 लाख रुपए का 308.97 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर को गिरफ्तार किया है. जबकि, वैशाली में कंबल गोदाम से 210 कार्टन विदेशी शराब बरामद किया है. वहीं, पटना के बाढ़ में वाहन चेकिंग के दौरान कार से 9 लाख मिले हैं. बताया जा रहा है कि इन पैसों को एमएलसी चुनाव में खपाए जाने की आशंका है.

कटिहार में 308.97 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

कटिहार में करीब 30 लाख रुपए का 308.97 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार दोनों तस्कर पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के रहने वाले हैं. कटिहार-पूर्णिया सीमा के समीप हसनगंज थाना क्षेत्र से गुप्त सूचना के आधार पर इन्हें पकड़ा गया. कटिहार जिले की हसनगंज पुलिस ने ये कार्रवाई की है. बताया जा रहा है कि एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर दोनों तस्कर डिलीवरी देने के लिए जा रहे थे.

पुलिस ने वाहन जांच के क्रम में पुलिस बल को देखकर तस्कर मोटरसाइकिल भगाने लगे, जिन्हें पुलिस बल के सहयोग से पकड़ लिया गया. पकड़े गए तस्कर मो. मुरसेलिम निवासी - यदुपुर, कलियाचक और नसीरुल निवासी - सुजापुर, कलियाचक हैं. दोनों थाना कलियाचक, जिला मालदा (पश्चिम बंगाल) के रहने वाले हैं.

वैशाली में शराब माफिया पर पुलिस का बड़ा प्रहार

वैशाली में शराब तस्करों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. एमएलसी चुनाव से पहले एसएसपी शुभांक मिश्रा के निर्देश पर पुलिस ने कंबल गोदाम में छिपाकर रखी गई विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद की है. यह मामला वैशाली के बिदुपुर थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस की छापेमारी में शराब तस्करी का यह मामला सामने आया है. बिदुपुर थाना क्षेत्र के चकबिहारी गांव में हुई इस कार्रवाई के बाद शराब तस्करी के नेटवर्क को लेकर पुलिस की जांच तेज हो गई है.

एसएसपी शुभांक मिश्रा के निर्देश पर सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चकबिहारी गांव के कलटू चौक स्थित कंबल गोदाम में दबिश दी. गोदाम की तलाशी के दौरान पुलिस ने 210 कार्टन विदेशी शराब बरामद की. कंबल गोदाम से इतनी बड़ी मात्रा में शराब मिलने के बाद अब पुलिस की जांच का दायरा बढ़ गया है.

हाजीपुर सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार ने कहा एमएलसी चुनाव के वोटिंग से पहले पुलिस को सूचना मिली कि बिदुपुर थाना क्षेत्र के थाना अध्यक्ष को  खबर मिली की एक कंबल का गोदाम है. सूचना मिली कि उसमें शराब रखा गया है. जब पुलिस टीम ने छापेमारी की, तो उसमें 210 कार्टन विदेशी शराब बरामद किया है. उन्होंने बताया कि मकान मालिक को हम हिरासत में लेने का प्रयास करेंगे. मामले की जांच की जा रही है.

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी, इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी और इस पूरे कारोबार में कौन-कौन लोग शामिल हैं. एमएलसी चुनाव से पहले हुई इस कार्रवाई को शराब तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में अहम माना जा रहा है. हालांकि, इस मामले में गिरफ्तारी और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आना अभी बाकी है.

बाढ़ में वाहन चेकिंग के दौरान कार से मिले नौ लाख

बिहार की राजधानी पटना के बाढ़ अनुमंडल में बख्तियारपुर फोरलेन पर चेकिंग के दौरान एक गाड़ी से नौ लाख रुपए बरामद किए गए हैं. एमएलसी चुनाव को देखते हुए शहर में कई जगह नाकेबंदी की गई है. पुलिस जगह-जगह बैरिकेड लगाकर वाहनों की चेकिंग कर रही है. इसी दौरान पुलिस को एक वाहन पर शक हुआ. चेकिंग के दौरान वाहन से 9,00,000 रुपए बरामद किए गए. पुलिस इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. पूछताछ के दौरान युवक ने बरामद रकम के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी, जिससे पुलिस को शक है कि एमएलसी चुनाव में खपाने के लिए ही इस रकम का इस्तेमाल किया जा सकता है.

कटिहार से रंजन कुमार और वैशाली से राजकुमार सिंह और बाढ़ से चंदन राय की रिपोर्ट

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More