)
आकाश शर्मा/मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में मुरादाबाद-हरिद्वार स्टेट हाईवे पर शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया. छजलैट थाना क्षेत्र के लदावली में रोडवेज बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की जोरदार भिड़ंत हो गई. इस सड़क हादसे में मां-बेटे समेत बस में सवार चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि एक यात्री घायल बताया जा रहा है. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया.
मुख्यमंत्री योगी ने जनपद मुरादाबाद में हुए हादसे का संज्ञान लिया है. मुख्यमंत्री ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. सीएम ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है.
जानकारी के मुताबिक, हादसा इतना भीषण था कि रोडवेज बस का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. टक्कर के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. हादसे में चार यात्रियों की मौके पर ही मौत होने की पुष्टि पुलिस ने की है. मृतकों में मां और बेटा भी शामिल हैं. बस के अंदर का दृश्य झकझोर देने वाला था.
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चरी भेज दिया गया है. घायल यात्री को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह के मुताबिक, हादसे में रोडवेज बस में सवार चार यात्रियों की मौत हुई है, जबकि एक यात्री घायल है.
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया. परिजन घटनास्थल और अस्पताल पहुंचने लगे. फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है.
उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के एक अनियंत्रित बस ने एक 11 वी क्लास में पढ़ने वाली स्कूली छात्रा को टक्कर मार दी. इस हादसे में छात्रा घायल हो गई. घायल छात्रा को आनन-फानन में उसके साथी छात्र-छात्राओं ने इलाज के लिये जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज किया गया. जानकारी के मुताबिक, छात्रा स्कूल के बाद घर लौट रही थी. घटना सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बिरधा कस्बे के पास की है. फिलहाल छात्रा की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
गोंडा के मनकापुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बैरियर रामनाथ गांव के पास शुक्रवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया. दतौली चीनी मिल से मनकापुर की तरफ जा रहे डबल ट्राला लगे ट्रैक्टर ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार प्रदीप और एक महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे तीसरे हीरालाल गंभीर रूप से घायल हो गए. जिन्हें बेहतर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनकापुर से गोंडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है. बताया जा रहा है कि बाइक पर तीन लोग सवार थे. प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली मनकापुर पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत है. अग्रिम वैधानिक कार्यवाही प्रचलित है.